समाजवादी पार्टी(सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति से मंगलवार(27 जून) को मुलाकात करने जिला कारागार गए। बता दें कि प्रजापति गैंगरेप के आरोप में जेल में बंद हैं। मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुलायम ने प्रजापति को निर्दोष बताया।
मुलायम ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि प्रजापति निर्दोष हैं। उनके साथ आतंकवादियों जैसा सलूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) से मुलाकात करूंगा और अगर आवश्यकता पड़ी तो राष्ट्रपति से भी मिलूंगा और उन्हें इस बारे में अवगत कराउंगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस के पास प्रजापति के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। उसके खिलाफ साजिश की जा रही है। मुलायम कल ही प्रजापति से मिलने जेल गए थे, लेकिन मुलाकात की अनुमति नहीं मिली, क्योंकि कल ईद का अवकाश था। जिसके बाद मुलायम ने आज करीब घंटे भर प्रजापति के साथ रहे।
मुलायम सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को काले झांडे दिखाने के लिए जेल में बंद कुछ लडकियों के पक्ष में भी बोले। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में काले झांडे दिखाने का अधिकार है। लडकियों के साथ भी आतंकियों जैसा सलूक किया जा रहा है।
क्या है मामला?
बता दें कि सपा सरकार में खनन मंत्री रहे गायत्री प्रजापति पर एक लड़की ने नौकरी और प्लाट दिलवाने के नाम पर रेप करने का आरोप लगाया था। मामले में 17 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गायत्री प्रजापति और 6 अन्य लोगों पर मुकदमा दायर किया गया था। मामला दर्ज होते ही प्रजापति फरार हो गए थे। जिसके बाद शीर्ष अदालत के निर्देश के बाद 15 मार्च काे प्रजापति को लखनऊ से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
FIR के मुताबिक, पीड़ित महिला ने शिकायत में कहा था कि एक करीबी के माध्यम से करीब तीन साल पहले उसकी मुलाकात गायत्री प्रजापति से हुई थी। महिला का आरोप है कि गायत्री ने कुछ आपत्तिजनक फोटो लिए थे और कई बार ब्लैकमेल भी किया। पीड़िता के मुताबिक, उसके साथ अक्टूबर 2014 से जुलाई 2016 तक गैंगरेप किया गया। प्रजापति उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अमेठी से चुनाव लड़े और हार गए।