केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान आंदोलन से जुड़े अपने एक ट्वीट को लेकर सोशल मीडिया पर फजीहत झेलने के बाद अब अभिनेत्री कंगना रनौत पर दिलजीत दोसांझ के बाद गायक मीका सिंह ने भी निशाना साधा है। दरअसल, कंगना रनौत ने किसानों के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुई एक सिख बुजुर्ग महिला को शाहीन बाग वाली बिलकिस बानो समझ लिया, जिसके बाद मीका ने अभिनेत्री को निशाने पर लिया है।
मीका सिंह ने कंगना के ट्वीट के स्क्रीनशॉट के साथ बुजुर्ग महिला की तस्वीर साझा की। मीका सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा, “मैं कंगना का बहुत सम्मान करता था, यहां तक कि जब उनके कार्यालय को तोड़ा गया था तो मैंने उनके समर्थन में ट्वीट भी किया था। अब मुझे लगता है कि मैं गलत था। कंगना, एक महिला होने के नाते आपको बुजुर्ग महिला के प्रति सम्मान दिखाना चाहिए था। अगर आपमें शिष्टाचार है तो फिर माफी मांगिए। आपको शर्म आनी चाहिए।”
I used to have immense respect for @KanganaTeam, I even tweeted in support when her office was demolished. I now think I was wrong, Kangana being a woman you should show the old lady some respect. If you have any ettiquete then apologise. Shame on you.. pic.twitter.com/FqKzE4mLjp
— King Mika Singh (@MikaSingh) December 3, 2020
गुरुवार शाम को मीका का ट्वीट कंगना के एक ट्वीट के जवाब में आया, जिसमें आरोप लगाया गया था कि ‘शाहीन बाग वाली दादी’ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विभिन्न सीमा बिंदुओं पर नए कृषि कानूनों को लेकर किसानों के आंदोलन में शामिल हुईं। उन्होंने बिलकिस बानो सहित दो बुजुर्ग महिलाओं की तस्वीरों वाले पोस्ट को रीट्वीट किया था, और लिखा था कि टाइम मैगजीन में छपी यह दादी 100 रुपये लेकर प्रदर्शन में शामिल होने के लिए उपलब्ध है।
अपने ट्वीट में कंगना रनौत ने लिखा था, “हा हा हा वहीं दादी, जो टाइम मैगजीन में सबसे शक्तिशाली भारतीय बनी थी, और वह 100 में उपलब्ध रहती हैं। पाकिस्तानी पत्रकार ने भारत के लिए अंतर्राष्ट्रीय पीआर को शर्मनाक तरीके से अपहृत किया है। हमें अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हमारे लिए बोलने के लिए हमारे अपने लोगों की आवश्यकता है।”
बता दें कि, इस मामले को लेकर कंगना रनौत और पंजाबी अभिनेता-गायक दिलजीत दोसांझ के बीच गुरुवार को शब्दों का युद्ध भी देखा गया। अपने इस ट्वीट को लेकर कंगना रनौत सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गई है, लोग जमकर उसकी आलोचना कर रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स के साथ-साथ कंगना रनौत अब भाजपा नेता के निशाने पर भी आ गई है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कंगना रनौत से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने के लिए कहा है।
गौरतलब है कि, केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर हजारों किसान एक सप्ताह से दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन कर रहे हैं। इस मुद्दे को सुलझाने के लिए सरकार ने गुरुवार को किसान नेताओं के साथ चौथे दौर की वार्ता की। हालांकि, वार्ता एक बार फिर अनिर्णायक रही। अगला दौर शनिवार के लिए निर्धारित है।
दूसरी ओर कंगना को लेकर बाम्बे हाईकोर्ट में एक याचिका लगाई गई है जिसमें उनके ट्विटर अकाउंट पर पाबंदी लगाने की मांग की गई है। इस याचिका में कहा गया है कि कंगना रणौत अपने ट्विटर अकाउंट के जरिए देश में लगातार नफरत और देशद्रोह फैलाने की कोशिश कर रही हैं। उनके ट्वीट्स देश को विभाजित करने वाले हैं इसलिए उनके ट्विटर अकाउंट को रद्द किया जाए। (इंपुट: आईएएनएस के साथ)