असम के करीमगंज जिले में अवैध शराब बेचने के आरोप में ग्रामीणों द्वारा एक महिला को नंगा कर घुमाने, पिटाई करने और कथित तौर पर उसकी निजी अंगों में मिर्च का पाउडर डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सामने आने और सोशल मीडिया पर इसके वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज 19 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि महिला पर हमला करने वाले वीडियो में हमलावरों में महिलाएं भी नजर आ रही हैं।
करीमगंज के पुलिस अधीक्षक गौरव उपाध्याय ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, ‘यह घटना असम-मिजोरम सीमा के नजदीक नागरा सीमा चौकी के अंतर्गत बहुत दूर-दराज के एक आदिवासी इलाके में 10 सितंबर को हुई। वीडियो के वायरल होने के बाद हमें इसके बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।’
उन्होंने बताया कि पीड़िता ने पुलिस से संपर्क नहीं किया, लेकिन वीडियो देखने के बाद करीमगंज के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में एक मामला दर्ज किया गया। दोपहर में एक मामला दर्ज करने के बाद पुलिस के एक दल ने गांव का दौरा किया और घटना की जांच शुरू की। पीड़ित महिला किसी हमलावर की पहचान नहीं कर सकी।
बीबीसी के मुताबिक, इस महिला पर आरोप था कि वो अवैध तरीके से शराब बेच रही है। गैर-कानूनी तरीके से शराब बेचने का आरोप लगाकर लोगों ने इस महिला को निर्वस्त्र घुमाया और कथित तौर पर उसके जननांगों (निजी अंगों) में मिर्च का पाउडर डाल दिया। हालांकि ये मामला 10 सितंबर का है लेकिन शुक्रवार को इस घटना का वीडियो वायरल हो गया।
वीडियो में सबसे अधिक चौंकाने वाली बात ये है कि घटना को अंजाम देने वालों में ज्यादातर महिलाएं ही थीं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित महिला विधवा है और अपने सास-ससुर के साथ रहती है। घटना वाले दिन बड़ी संख्य में लोग दरवाज़ा तोड़कर उनके घर में घुस आए और उसके बाद घटना को अंजाम दिया। फिलहाल 19 लोगों को महिला के साथ बर्बरता करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।



















