दिल्ली के होटल में टूरिस्ट गाइड से सामूहिक बलात्कार, छह में से एक आरोपी गिरफ्तार

0

देश की राजधानी दिल्ली के एक होटल में एक टूरिस्ट गाइड से कुछ लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पीड़िता को रियायती दरों पर कर्ज दिलाने का लालच देकर शुक्रवार रात को वारदात को अंजाम दिया।

दिल्ली

पुलिस ने कहा कि आरोपी ने पीड़िता से संपर्क कर उसे रियायती दरों पर कर्ज देने के बहाने होटल में बुलाया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपियों ने होटल के कमरे में कथित तौर पर गाइड का बलात्कार किया। उन्होंने कहा कि पीड़िता ने शनिवार को इस बाबत अपनी शिकायत दी। शिकायत के आधार पर कनॉट प्लेस थाने में एक महिला समेत छह आरोपियों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार का एक मामला दर्ज किया गया है।

नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त ईश सिंघल ने कहा, ”इस मामले में मनोज शर्मा नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया जो मालवीय नगर में रहता है।” अधिकारी ने कहा कि शर्मा पेशे से ठेकेदार है। उन्होंने कहा कि जिस कमरे में वारदात को अंजाम दिया गया, उसे दो कारोबारियों के नाम पर बुक किया गया था। अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़िता ने घटना के वक्त होटल प्रशासन को कोई जानकारी नहीं दी। वारदात के बाद आरोपियों ने उसे रात करीब एक बजे साकेत स्थित उसके घर छोड़ दिया। अगले दिन पीड़िता जांच कराने सफदरजंग अस्पताल पहुंची और रात आठ बजे पुलिस को सूचना दी। शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी मनोज शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

उधर, बाहरी उत्तरी दिल्ली के समयपुर बदली पुलिस थाने में एक रेप के आरोपी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। दिल्ली पुलिस का दावा है कि आरोपी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। जबकि उसके परिवार वालों का कहना है कि उसे रात में शराब पिलाकर इतना पीटा गया कि उसकी मौत हो गई। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleदिल्ली की सड़कों पर खुलेआम स्टंट करते कैमरे में कैद हुए बाइकर्स, वीडियो वायरल होने के बाद पांच लोग गिरफ्तार
Next articleशर्मनाक: 5 बेटियों के पिता ने बेटे की चाहत में धारदार हथियार से काट दिया गर्भवती पत्नी का पेट, आरोपी गिरफ्तार