शर्मनाक: 5 बेटियों के पिता ने बेटे की चाहत में धारदार हथियार से काट दिया गर्भवती पत्नी का पेट, आरोपी गिरफ्तार

0

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से देश को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पांच बेटियों के एक पिता ने शनिवार शाम को कथित रूप से यह जानने के लिए अपनी गर्भवती पत्नी का पेट काट दिया कि वह इस बार लड़के को जन्म देगी या नहीं।

pregnant
सांकेतिक तस्वीर

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक (शहर) प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि यह घटना सिविल लाइन्स पुलिस थाना क्षेत्र के तहत नेकपुर इलाके में हुई। पन्नालाल नाम के व्यक्ति ने एक धारदार हथियार से अपनी पत्नी (करीब 35 वर्ष) का पेट काट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

चौहान ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई और पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अपराध को अंजाम देने का कारण क्या था।

महिला को गंभीर स्थिति में बरेली अस्पताल ले जाया गया। महिला के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि पन्नालाल बेटा चाहता था और उसने यह पता लगाने के लिए अपनी पत्नी का पेट काट दिया कि उसके गर्भ में लड़का है, या लड़की। स्थानीय लोग महिला को तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां से उसे गंभीर हालत में बरेली अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने कहा कि यह बताया जा रहा है कि महिला छह-सात महीने की गर्भवती है।

Previous articleदिल्ली के होटल में टूरिस्ट गाइड से सामूहिक बलात्कार, छह में से एक आरोपी गिरफ्तार
Next articleअभिनेत्री पायल घोष के आरोपों पर अनुराग कश्यप ने वकील के जरिए दिया बयान, बोले- यौन शोषण के झूठे आरोपों से बेहद आहत हूं