पंजाब नेशनल बैंक(PNB) में 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक का चूना लगाकर विदेश भागने वाले हीरा कारोबारी नीरव मोदी और भारत में बैंकों के 9000 करोड़ लेकर फरार हुए शराब कारोबारी विजय माल्या जैसे कारोबारियों के देश छोड़कर भाग जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि, मोदी जी का जादू जल्दी ही भारत से लोकतंत्र को भी गायब कर सकता है।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, मेघालय के जोवई में एक रैली में कहा कि, ‘विजय माल्या, ललित मोदी और नीरव मोदी जैसे घोटालेबाज जादू की तरह भारत से गायब हो गए तथा भारतीय कानून की पहुंच से दूर विदेशी धरती पर प्रकट हो गए। मोदी जी का जादू जल्दी ही भारत से लोकतंत्र को भी गायब कर सकता है।’
घोटालों के आरोपियों के गायब हो जाने पर केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि विजय माल्या और नीरव मोदी मामलों से हम जानते हैं कि यह ऐसी सरकार है जो न सिर्फ भ्रष्टाचार हटा नहीं सकती बल्कि इसमें सक्रियता से भागीदारी भी कर रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, साथ ही उन्होंने कहा कि चार साल पहले देश के प्रधानमंत्री ने भारत के लोगों को सपने दिखाए थे। अच्छे दिन, हर खाते में 15 लाख रुपए, दो करोड़ नौकरियां आदि। देश के आदिवासी लोगों को लगा था कि उन्हें समान हिस्सेदारी मिलेगी और उनकी भूमि, परंपराएं और संस्कृति की हिफाजत की जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि, इस सरकार का कार्यकाल अंतिम चरण में है और उम्मीद, सुरक्षा तथा आर्थिक वृद्धि के बदले इसने लोगों को सिर्फ नाउम्मीदी, बेरोजगारी, भय, नफरत और हिंसा को बढावा दिया है।
बता दें कि, पीएनबी घोटाले को लेकर देश की राजनीति में गहमागहमी का माहौल बना हुआ है। केंद्र में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) जहां कांग्रेस पर इस फ्रॉड के लिए दोषी बता रही है, वहीं कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक पार्टियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साध रही है। बता दें कि, इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी हर रोज़ पीएम मोदी पर निशाने साध रही है।
गौरतलब है कि, नीरव मोदी के मुद्दे पर राहुल गांधी पीएम की चुप्पी पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। बता दें कि, नीरव मोदी के फरार होने के कारण मोदी सरकार को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।