अलका लांबा बोलीं- ‘बीजेपी नेताओ की नजरें महिलाओं की शारीरिक खूबसूरती से आगे कुछ और देख-सोच ही नहीं सकती’

0

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता व बिहार सरकार में मंत्री विनोद नारायण झा द्वारा कांग्रेस की नवनियुक्त महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर की गई एक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस विनोद नारायण झा को मंत्रिपरिषद से बाहर निकालने की मांग कर रहे हैं। बीजेपी नेता के इस बयान को लेकर अब आदमी पार्टी (आप) की नेता व चांदनी चौक से विधायक अलका लांबा ने बीजेपी को आड़े हाथों लिया है।

अलका लांबा

अलका लांबा ने अपने ट्वीट में लिखा, “बीजेपी नेताओ की नजरें महिलाओं की शारीरिक खूबसूरती से आगे कुछ और देख और सोच ही नही सकती, इन्हें यह समझ नही आता कि एक खबसूरत महिला, महिलाओं के प्रति गंदी सोच और नियत रखने वालों के लिये कितनी क्रूर भी हो सकती है। काली/दुर्गा बन इन जैसे असुरों का चुनावी वध करना भी जानती है। सावधान।”

दरअसल, बता दें कि शुक्रवार को बिहार सरकार में मंत्री विनोद नारायण झा ने प्रियंका गांधी की नियुक्ती पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि “खूबसूरत चेहरों के दम पर वोट नहीं जीते जा सकते… इससे भी बढ़कर तथ्य यह है कि वह रॉबर्ट वाड्रा की पत्नी हैं, जिन पर भूमि घोटाले और भ्रष्टाचार के कई मामलों में शामिल होने का आरोप है। वह बेहद खूबसूरत हैं, लेकिन उसके अलावा उनकी कोई राजनैतिक उपलब्धि नहीं है।”

विनोद नारायण झा के इस विवादित बयान पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता व बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि, ‘CM ऐसे मंत्री से माफ़ी मँगवाए।’ तेजस्वी ने अपने ट्वीट में लिखा, “Nitish Institute of Abuse, Misuse & Excuse से प्रशिक्षित प्रवक्तागणों द्वारा सम्माननीय प्रियंका गांधी जी के बारे में की गयी अमर्यादित, अशोभनीय और असंसदीय टिप्पणी की पुरज़ोर निंदा करता हूँ। नीतीश कुमार जी को अपने सहयोगियों से ये सब नहीं बुलवाना चाहिए। CM ऐसे मंत्री से माफ़ी मँगवाए।’

बता दें कि कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी को महासचिव बनाया है और उन्‍हें पूर्वी उत्‍तर प्रदेश की जिम्‍मेदारी दी है। प्रियंका गांधी का सक्रिय राजनीति में आना और उन्‍हें पूर्वी उत्‍तर प्रदेश की कमान दिया जाना कांग्रेस का मास्‍टर स्‍ट्रोक माना जा रहा है।

Previous articleलोकसभा चुनाव से पहले सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने निजी टीवी चैनलों के लिए बढ़ाई विज्ञापन दरें
Next articleप्रणब मुखर्जी को मिले भारत रत्न पर AAP नेता संजय सिंह ने उठाए सवाल, बोले- “एक बार RSS की शाखा में जाओ भारत का रत्न बन जाओ”