अखिलेश यादव ने प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री का किया स्वागत, बोले- राहुल गांधी ने सही फैसला लिया, हमें खुशी है

0

लोकसभा चुनाव से पहले सोनिया गांधी की बेटी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के आधिकारिक तौर पर राजनीति में कदम रखने के बाद हड़कंप मच गया है। प्रियंका गांधी की सक्रिय राजनीति में एंट्री का कुछ लोग स्वागत कर रहे हैं तो कोई इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। इसी बीच, अब उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रियंका गांधी वाड्रा का राजनीति में स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि नए लोगों को राजनीति में आना चाहिए। मैं इस मौके पर कांग्रेस और उनके अध्यक्ष को मुबारकबाद देना चाहूंगा कि उन्होंने यह सही निर्णय लिया।

अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि, ‘मैं कांग्रेस और उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष को बधाई देना चाहता हूं, उन्होंने एक अच्छा फैसला लिया है। राजनीति में नए लोगों को आना चाहिए, हम समाजवादी उनका स्वागत करते हैं।’

माना जा रहा है कि यूपी में एसपी और बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के गठबंधन में कांग्रेस को जगह न मिलने के बाद कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को सक्रिय राजनीति में उतारने का फैसला किया था। उन्हें उम्मीद है कि प्रियंका गांधी की एंट्री से यूपी में कांग्रेस की जड़ें मजबूत होंगी।

गौरतलब है कि कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी को महासचिव बनाया है और उन्‍हें पूर्वी उत्‍तर प्रदेश की जिम्‍मेदारी दी है। प्रियंका गांधी का सक्रिय राजनीति में आना और उन्‍हें पूर्वी उत्‍तर प्रदेश की कमान दिया जाना कांग्रेस का मास्‍टर स्‍ट्रोक माना जा रहा है।

Previous articlePM Modi’s alleged attempts to woo Naveen Patnaik by conferring Padma award to sister Gita Mehta backfires
Next articleगणतंत्र दिवस 2019: नितिन गडकरी के साथ गुफ्तगू करते राहुल गांधी की तस्वीर हुई वायरल, यूजर्स ने बताया- ‘फोटो ऑफ द डे’