सोनिया गांधी की बेटी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के आधिकारिक तौर पर राजनीति में कदम रखने के बाद हड़कंप मच गया है। प्रियंका के आधिकारिक तौर पर राजनीति में उतरने के बाद नेताओं और राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया आनी शुरू हो गई। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता व बिहार सरकार में मंत्री विनोद नारायण झा ने एक अजीब बयान दिया है।
बिहार सरकार में मंत्री विनोद नारायण झा ने प्रियंका गांधी की नियुक्ती पर टिप्पणी की और कहा कि वोट खूबसूरत चेहरों के आधार पर हासिल नहीं किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी राबर्ट वाड्रा की पत्नी हैं जो जमीन घोटाले और भ्रष्टाचार से जुड़े कई मामलों में आरोपी हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वह बेहद खूबसूरत हैं, लेकिन उसके अलावा उनकी कोई राजनैतिक उपलब्धि नहीं है।
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक विनोद नारायण झा ने कहा कि, “खूबसूरत चेहरों के दम पर वोट नहीं जीते जा सकते… इससे भी बढ़कर तथ्य यह है कि वह रॉबर्ट वाड्रा की पत्नी हैं, जिन पर भूमि घोटाले और भ्रष्टाचार के कई मामलों में शामिल होने का आरोप है। वह बेहद खूबसूरत हैं, लेकिन उसके अलावा उनकी कोई राजनैतिक उपलब्धि नहीं है।”
Bihar Min Vinod Narayan Jha on Priyanka Gandhi: Votes can't be won on basis of beautiful faces. Moreover, she is wife of Robert Vadra who is accused of involvement in land scam&several corruption cases. She's very beautiful but other than that she holds no political achievement. pic.twitter.com/vFzffKtdrJ
— ANI (@ANI) January 25, 2019
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जदयू नेता और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी ने विनोद नारायण झा के बयान की आलोचना की है। अशोक चौधरी ने कहा कि यह बयान उचित नहीं है। शब्दों के चयन में सावधानी बरतनी चाहिए। किसी के संबंध में इस तरह से कमेंट करना ठीक नहीं है।
वहीं, दिल्ली सरकार के पूर्व कानून मंत्री व आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक सोमनाथ भारती ने ट्वीट कर लिखा, “बिहार के मंत्री विनोद नारायण झा का प्रियंका गांधी पर बेतुका बयान, ‘प्रियंका बहुत सुन्दर हैं, इसलिए राजनीति में उतारा, सुन्दर चेहरे पर चुनाव नहीं जीत सकते”…. आज मैं चैनलों के प्राइमटाइम न्यूज़ का इंतजार करूंगा और देखूंगा कितने चैनल इस घटिया बात का संज्ञान लेते हैं!”
बिहार के मंत्री विनोद नारायण झा का प्रियंका गांधी पर बेतुका बयान, 'प्रियंका बहुत सुन्दर हैं, इसलिए राजनीति में उतारा, सुन्दर चेहरे पर चुनाव नहीं जीत सकते"…. आज मैं चैनलों के प्राइमटाइम न्यूज़ का इंतजार करूंगा और देखूंगा कितने चैनल इस घटिया बात का संज्ञान लेते हैं!
— Adv. Somnath Bharti (@attorneybharti) January 25, 2019
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी को महासचिव बनाया है और उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी है। प्रियंका गांधी का सक्रिय राजनीति में आना और उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश की कमान दिया जाना कांग्रेस का मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है।