दक्षिण पश्चिम दिल्ली के किशनगढ़ गांव में आप के नवनिर्वाचित विधायक नरेश यादव के काफिले पर मंगलवार देर रात गोलियां चलाने के आरोप में 40 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि घटना में आम आदमी पार्टी (आप) के स्वयंसेवक अशोक मान की मौत हो गई थी। इस मामले में धर्मेन्द्र उर्फ कल्लू को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘पिछले साल दिवाली से ठीक पहले मान और धर्मेन्द्र का किसी बात पर झगड़ा हुआ था। करीब 15 दिन पहले एक बार फिर इनके बीच झगड़ा हुआ था। ऐसा प्रतीत होता है कि निजी दुश्मनी के चलते आरोपी ने मान पर गोली चलाई।’’ प्राथमिकी में तीन लोगों को संदिग्ध बताया गया है। सूत्रों के अनुसार महरौली के विधायक के काफिले पर सात गोलियां चलाई गईं। घटना में एक अन्य व्यक्ति घायल भी हुआ है।
पुलिस ने बताया कि नवनिर्वाचित विधायक और उनके समर्थक मंगलवार की रात विधायक के निर्वाचन क्षेत्र महरौली में एक मंदिर में पूजा-अर्चना कर लौट रहे थे, तभी यह घटना हुई। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह ने घटना में मारे गए व्यक्ति की पहचान पार्टी कार्यकर्ता अशोक मान के तौर पर की है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘महरौली से विधायक नरेश यादव के काफिले पर हमला अशोक मान की सरेआम हत्या… मंदिर से दर्शन करके लौट रहे थे नरेश यादव।’’
आप के सोशल मीडिया प्रभारी अंकित लाल ने ट्वीट किया, ‘‘आप विधायक नरेश यादव और उनके समर्थकों के काफिले पर गोलियां चलाई गईं… दूसरी कार में सवार बदमाशों ने फोर्टिस के पास उनपर गोलियां चलाई। एक व्यक्ति की मौत और एक घायल। पुलिस मौके पर मौजूद है।’’ थोड़ी देर बाद उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘काफिले पर पीछे से हमला हुआ था। दो साथियों को गोली लगी। इस हमले में अशोक मान जी की मौत हो गयी, हरेंद्र जी घायल हैं। हरेंद्र जी के पैर में गोली लगी है और वह फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं। वह खतरे से बाहर हैं।’’
आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने गोलीबारी की घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए सिसोदिया ने कहा, ‘‘दिल्ली में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदार लोगों को कार्रवाई करनी चाहिए।’’
बता दें कि, मंगलवार को हुई मतगणना में दक्षिणी दिल्ली की महरौली विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी नरेश यादव ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी की कुसुम खत्री को 18161 वोट से हराकर जीत हासिल की थी। नरेश यादव को इस बार जहां 62417 वोट प्राप्त हुए हैं, वहीं उनकी प्रतिद्वंद्वी बीजेपी उम्मीदवार कुसुम खत्री 44256 वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहीं। इनके मुकाबले कांग्रेस उम्मीदवार एए महेंदर चौधरी को महज 6952 वोट से ही संतोष करना पड़ा। 2015 विधानसभा चुनाव में भी महरौली सीट पर नरेश यादव ने जीत हासिल की थी। (इंपुट: भाषा के साथ)