धोनी के नोएडा स्थित घर में चोरी करने के आरोप में 3 गिरफ्तार, ये कीमती सामान ले उड़े चोर

0

भारत के दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ी और विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी के लिए बुरी खबर आई है। कथित तौर पर राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में चोरों ने उनके घर पर हाथ साफ कर दिया है। चोर धोनी के घर से एलईडी टीवी, इनवर्टर, लैपटॉप और मोबाइल फोन सहित कुछ अन्य सामान चोरी कर ले गए। धोनी के जिस मकान में चोरी हुई है वो राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर 104 में है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि सेक्टर 104 स्थित किराए पर चढ़े धोनी के घर में अप्रैल में वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोपियों ने इसके अलावा अन्य कई घरों में भी चोरी की है। गुरुवार को तीनों आरोपी राहुल, बबलु, इकलाख को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने पूर्व कप्तान के घर से एलईडी टीवी की चोरी की थी, उस दौरान विक्रम सिंह नाम का शख्स धोनी के घर में किराए पर रह रहा था। इस चोरी को अंजाम तब दिया गया था, जब धोनी के घर में मरम्मत का कार्य चल रहा था।

वहीं, पुलिस ने यह भी बताया कि साक्ष्यों को मिटाने के लिए आरोपियों ने एक डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर की चोरी भी की थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “आरोपी क्षेत्र में सामान बेचने का दिखावा कर खाली मकानों की टोह लेते थे। ये लोग उन मकानों की तलाश करते थे, जहां कोई लाईट नहीं जलती थी। घर में कोई है या नहीं यह जानने के लिए आरोपी कई बार घर की घंटी भी बजाते थे, ये लोग पूरी तरह से सुनिश्चित होने के बाद दरवाजा तोड़ घर में चोरी करते थे।”

आरोपी के पास से नौ बैटरी, तीन इंवर्टर, पांच लैपटॉप और पांच एलईडी बरामद हुए हैं।पुलिस को इस गैंग में अन्य लोगों के शामिल होने का भी संदेह है। बता दें कि धोनी अभी इंग्लैंड में चल रहे क्रिकेट वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का अहम हिस्सा हैं। टीम इंडिया विश्व कप में अपने पहले मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत दर्ज कर चुकी है। इस मैच में धोनी ने जो सेना के सम्मान वाला दस्ताना पहना था उसकी वजह से वो सुर्खियों में आए गए थे। (इनपुट- आईएएनएस के साथ)

 

Previous articleदुबई में भीषण सड़क हादसा: 8 भारतीयों सहित 17 लोगों की मौत, मरने वालों की हुई पहचान
Next articleमध्य प्रदेश: जिला कलेक्टर ने अपने चैंबर से AC हटवाकर बच्चों के अस्पताल में लगवाया, लोगों ने दिल खोलकर की तारीफ