गायक अदनान सामी को पद्मश्री देने पर भड़की NCP, नवाब मलिक बोले- ‘यह देश के लोगों का अपमान है’

0

पाकिस्तानी मूल के मशहूर गायक और संगीतकार अदनान सामी को पद्म सम्मान मिलने के बाद हंगामा मचा हुआ है। कांग्रेस के बाद अब शरद पवार की पार्टी एनसीपी ने भी जाने माने गायक-संगीतकार अदनान सामी को पद्मश्री दिए जाने पर सवाल उठाया है।

अदनान सामी

महाराष्ट्र में शिवसेना सरकार की सहयोगी एनसीपी ने कहा कि सामी को मोदी भक्ति का इनाम मिला है। समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, महाराष्ट्र में मंत्री और एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा कि, “अब यह साफ हो गया है कि अगर कोई भी पाकिस्तान से जय मोदी बोलेगा उसे भारत की नागरिकता के साथ पद्मश्री सम्मान भी दिया जाएगा। यह देश के लोगों का अपमान है।”

बता दें कि, इससे पहले कांग्रेस प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने यह सवाल भी किया कि ऐसा क्यों हुआ कि करगिल युद्ध में शामिल हुए सैनिक सनाउल्लाह को ‘घुसपैठिया’ घोषित कर दिया गया, जबकि उस सामी को पद्म सम्मान दिया जा रहा है जिसके पिता ने पाकिस्तानी वायुसेना में रहकर भारत के खिलाफ गोलाबारी की थी? हालांकि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सामी को पद्मश्री से सम्मानित किए जाने पर खुशी जताई।

गौरतलब है कि, कुछ साल पहले भारत की नागरिकता हासिल करने वाले सामी को इस साल पद्मश्री सम्मान देने की घोषणा की गई है। सामी पहले पाकिस्तानी नागरिक थे। अदनान सामी ब्रिटेन में पैदा हुए और पहले कनाडा की नागरिकता रखते थे। वे पाकिस्तानी मूल के हैं। उन्हें 2016 में भारतीय नागरिकता मिली थी। ‘कभी तो नजर मिलाओ’ और ‘लिफ्ट करा दे’ जैसे गानों के लिए भारत में मशहूर सामी कई सारे म्यूजिकल इंस्ट्रमेंट बजाने के लिए जाने जाते हैं।

Previous articlePhoto gallery: Republic Day celebration by women of Shaheen Bagh
Next article‘दिल्ली में EVM का बटन तो प्यार से ही दबेगा’, अमित शाह के ‘शाहीन बाग में लगे करंट’ वाले बयान पर प्रशांत किशोर ने किया कटाक्ष