योगी सरकार के मंत्री बोले- ‘भारत को ‘हिन्दू राष्ट्र’ घोषित करने की मांग अनावश्यक’

0

उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने भारत को ‘हिन्दू राष्ट्र’ घोषित करने की मांग को अनावश्यक बताते हुए शनिवार(10 जून) को कहा कि भारत सनातन और पुरातन काल से हिन्दू राष्ट्र है। शाही पूर्व सांसद दिवंगत गौरी शंकर राय की जयंती के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने यहां आए थे।

फोटो: indian express

इस मौके पर योगी सरकार के मंत्री ने कहा कि, ‘भारत सनातन व पुरातन काल से हिन्दू राष्ट्र है। भारत सांस्कृतिक विरासत व ऐतिहासिक धरोहर से पहले से ही हिन्दू राष्ट्र है।’ उन्होंने मध्य प्रदेश के किसानों से संयम बरतने व हिंसा का रास्ता न अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि शिवराज सिंह चौहान सरकार ने कृषि विकास दर को सात फीसदी से बढ़ाकर 18 फीसदी तक पहुंचा दिया।

शाही ने कहा कि, ‘शिवराज सरकार ने किसानों के हित में जो कर दिया है, कांग्रेस 55 वर्ष में नहीं कर पाई है।’ योगी सरकार द्वारा किसानों के कल्याण के लिये किये गए कार्यों का उल्लेख करते हुए शाही ने कहा कि अखिलेश यादव सरकार के विपरीत योगी आदित्यनाथ की सरकार ने पांच गुना अधिक गेहूं की खरीद की है।

वहीं, शाही के अलावा इस मौके पर उपस्थित सलेमपुर से भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) सांसद रविन्द्र कुशवाहा ने कांग्रेस व विपक्षी दलों पर किसानों को भड़काने और गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की हालिया उपद्रव की घटना कांग्रेस की सुनियोजित साजिश का परिणाम है।

बता दें कि योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री बनने पर जाने-माने संविधान विशेषज्ञ फली एस. नरीमन ने कहा था कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी ने मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ को चुना है। उन्होंने कहा था कि क्या उनको चुनने के पीछे भारत में एक हिंदू राज्य बनाने की शुरुआत है।

‘ऑफ द कफ’ पर पत्रकार शेखर गुप्ता से बात करते हुए उन्होंने कहा था कि किसी भी प्रमुख चैनल के संवाददाता को पीएम मोदी से उनकी पसंद के अनुसार एक पुजारी को यूपी का मुख्यमंत्री बनाए जाने पर सवाल करना चाहिए। नरीमन के अलावा योगी के मुख्यमंत्री बनने पर विदेशी मीडिया ने सवाल उठाए थे।

Previous articleMake efforts to look into issues raised by Guha: CIC to BCCI
Next articleNDRF base comes up in Delhi, to respond to bio, nuke attacks