देश में महिला के खिलाफ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिसका ताजा मामला एक बार फिर से देखने को मिला है। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में एक किशोरी से कथित रूप से दुष्कर्म करने में विफल रहने पर दो युवकों ने उसकी नाक काट दी। पीड़िता का अस्पतला में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। लड़की की नाक पर 16 टांके लगे हैं।
समाचार एजेंसी पीटीआई (भाषा) की रिपोर्ट के मुताबिक, आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार (19 नवंबर) को बताया कि मंगलवार शाम को यह घटना आंसूमल्लाकोट गांव में हुई जहां 17 वर्षीय किशोरी के पड़ोस में रहने वाले दो युवकों ने उसके घर में घुसकर उससे दुष्कर्म का कथित प्रयास किया। जब किशोरी ने उनका यह प्रयास विफल कर दिया तो गुस्से में आकर युवकों ने उसकी नाक काट दी।
सूत्रों ने बताया कि पीड़ित लड़की के माता-पिता ने जब उसे बचाने का प्रयास किया तो दोनों युवकों ने उन पर भी हमला किया और उन्हें घायल कर दिया। उन्होंने बताया कि तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। लड़की की नाक पर 16 टांके लगे हैं।
घटना के बाद से दोनों आरोपी युवक फरार हैं। जिले के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों युवकों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।