प्रियंका गांधी की सुरक्षा सेंध मामले में तीन सुरक्षा कर्मी निलंबित, उच्च स्तरीय जांच जारी: अमित शाह

0

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के घर पर सुरक्षा चूक का मामला मंगलवार (3 दिसंबर) को राज्यसभा में भी गरमाया रहा। इस बीच, गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में बताया कि, प्रियंका गांधी वाड्रा के सुरक्षा घेरे में सेंध के मामले में तीन सुरक्षा कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और घटना की उच्च स्तरीय जांच की जा रही है।

अमित शाह ने उच्च सदन में विशेष सुरक्षा बल (संशोधन) विधेयक पर चर्चा का जवाब देते हुए बताया कि, “25 नवंबर को प्रियंका गांधी वाड्रा के घर पर एक घटना हुई। प्रियंका गांधी को जानकारी मिली कि राहुल गांधी ब्लैक कलर की एसयूवी में उनसे मिलने आ रहे हैं, लेकिन उसी समय एक और ब्लैक एसयूवी आई, जिसमें मेरठ की नेता शारदा त्यागी थीं। संयोग से कार और समय एक ही था। इसलिए शारदा त्यागी के साथ कार बिना सुरक्षा जांच के चली गई। फिर भी, हमने उच्च-स्तरीय जांच का आदेश दिया है और उल्लंघन के लिए जिम्मेदार 3 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है।”

उन्होंने कहा कि बेहतर होता कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा की सुरक्षा से जुड़े इस अति महत्वपूर्ण मामले को संसद में उठाने या मीडिया में जाने के बजाय उन्हें, सीआरपीएफ या कांग्रेस नेता की सुरक्षा पर निगरानी रख रहे आईजी स्तर के अधिकारी को पत्र लिखकर उन्हें इस बात की सूचना देते।

प्रियंका गांधी की सुरक्षा में हुई चूक पर भड़के रॉबर्ट वाड्रा

रॉबर्ट वाड्रा ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, “ये प्रियंका, मेरे बच्चों या गांधी फैमिली की सुरक्षा का मामला नहीं है। ये हमारे देश के नागरिकों और खासतौर पर महिलाओं की सुरक्षा के बारे में हैं। कि वो इस देश में खुद को कितना सुरक्षित महसूस करती हैं। देश में सुरक्षा से समझौता किया जा रहा है।”

उन्होंने अपने पोस्ट में आगे लिखा, हमारे देश में लड़कियों के साथ रेप हो रहा है, हम कैसा समाज बना रहे हैं। देश के हर नागरिक की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है। अगर हम अपने घर, अपने देश और सड़क पर सुरक्षित नहीं है तो हम कब और कहां सुरक्षित हैं।”

बता दें कि, हाल ही में प्रियंका गांधी, उनकी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी की एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली गई है और उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई है।

Previous articleSOF IEO Results 2019: SOF International English Olympiad (IEO) 1st To 12th Class Cut Off, Merit List released @ results.sofworld.org
Next articleDid Amit Shah announce in parliament that Modi wouldn’t be PM after 2024? Congress takes potshot at Home Minister for ‘gaffe’