महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के पनवेल में लॉकडाउन के बावजूद जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए एक जगह एकत्र होने के चलते भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद समेत 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार रात की है। पुलिस ने बताया कि पनवेल नगर निगम के भाजपा पार्षद अजय बहिरा के बंगले पर सभी एकत्र हुए थे।

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पनवेल पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अजय कुमार ने कहा, ”पुलिस को सूचना मिली थी कि पार्षद का जन्मदिन मनाने के लिए उनके बंगले की छत पर कुछ लोग एकत्र हुए हैं। पुलिस दल मौके पर पहुंचा तो कार्यक्रम जारी था और पार्षद समेत 11 लोगों को हिरासत में लिया गया।” उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इसके अलावा कर्नाटक में टुमकुर जिले के तुरुवेकेर में भाजपा विधायक एम जयराम ने कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए देश में जारी लॉकडाउन के नियमों धज्जियां उड़ाते हुए जोर शोर से अपना जन्मदिन मनाया। यहां केक काटकर बिरयानी पार्टी दी गई जिसमें बड़ी संख्या में जयराम के समर्थक शामिल हुए।
ये दोनों घटनाएं ऐसे वक्त में सामने आई हैं, जब भारत में कोरोना वायरस से मरने वालों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। कोरोना वायरस के संक्रमण में तेजी को देखते हुए केंद्र सरकार ने 21 दिनों के लिए देश लॉकडाउन का आदेश दिया था, जो 14 अप्रैल के खत्म हो रहा है। मगर संकट के इस हाालत को देखत हुए लॉकडाउन का बढ़ाने पर चर्चा जारी है।
बता दें कि, इससे पहले महाराष्ट्र के वर्धा जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक दादाराव केचे ने कथित तौर पर लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करते हुए रविवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर लोगों को अनाज बांटा था। लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने भाजपा विधायक के खिलाफ केस दर्ज किया था।
गौरतलब है कि, कोरोना वायरस के खतरनाक प्रकोप से पूरी दुनिया समते भारत में संकट का माहौल है। कोरोना वायरस से देश की बहुत बड़ी आबादी को बचाने के लिए ही देश में लॉकडाउन जारी है, मगर कुछ लोग ऐसी भी हैं जो इस संकट की घड़ी में भी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं और लॉकडाउन की धज्जियां उड़ा रहे हैं।