चंडीगढ़ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा शुक्रवार (13 अगस्त) को आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए हैं। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की उपस्थिति में प्रदीप छाबड़ा ने आप की सदस्यता ली और पार्टी में शामिल हो गए।
बता दें कि, बीते हफ्ते ही उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल व कांग्रेस के मौजूदा अध्यक्ष सुभाष चावला पर अपनी व अपने साथियों की अनदेखी का आरोप लगाकर पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। ख़बरों के मुताबिक, पार्टी ने उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया था। उन्हें मनाने के लिए पार्टी प्रभारी हरीश रावत ने प्रदीप छाबड़ा से फोन पर भी बात की थी, लेकिन बात नहीं बनी।
कांग्रेस ने इस साल फरवरी में छाबड़ा को हटाकर सुभाष चावला को पार्टी की चंडीगढ़ इकाई का प्रमुख बनाया था। पिछले कुछ हफ्तों में छाबड़ा यह आरोप लगाते हुए चावला पर निशाना साध रहे थे कि उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है और पार्टी की बैठकों में नहीं बुलाया जा रहा है।
शहर के कांग्रेस नेताओं को गत सप्ताह लिखे खुले पत्र में छाबड़ा ने आरोप लगाया था कि जो लोग तीन दशक से अधिक समय से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं उन्हें पार्टी की शहर इकाई द्वारा हाल में जारी पदाधिकारियों की सूची में नजरअंदाज किया गया।