मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बुधवार को किसान सम्मेलन में कृषि कानून के पक्ष में माहौल बनाने आए केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर एक महिला किसान को कानून नहीं समझा पाए। इस दौरान महिला ने बीच सड़क पर केंद्रीय कृषि मंत्री को जमकर खरी-खरी सुनाई, इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, डबरा की रहने वाली इस महिला किसान का नाम कृष्णा है जो कई किसानों के साथ भाजपा के किसान सम्मेलन में शामिल होने आई थी लेकिन कानून का विरोध करने की वजह से उसे सम्मेलन में पहुंचने नहीं दिया गया। आखिरकार महिला किसान अपनी पूरी टोली के साथ केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के पहुंचने से पहले ही एयरपोर्ट पहुंच गई और उसने मंत्री का रास्ता रोक लिया।
इस दौरान महिला ने कृषि मंत्री से कहा कि दिल्ली में जो सवा करोड़ किसान बैठा हुआ है, वह आपको नहीं दिखा और यहां जो कार्यकर्ता सम्मेलन हो रहा है उसमें आपको किसान नजर आ रहे हैं। लगभग 3-4 मिनट तक महिला तोमर से सवाल जवाब करती रही और मंत्री ने कहा कि विरोध करेंगे तो प्रशासन रोकेगा ही। इसके जवाब में महिला बोली क्या जबरदस्ती कानून का समर्थन करवाएंगे।
गौरतलब है कि, मोदी सरकार के नए कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों के आंदोलन को लगभग हर तरफ से समर्थन मिल रहा है। विरोध कर रहे किसानों के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार विपक्ष के साथ-साथ अपनी सहयोगी पार्टियों के भी निशाने पर आ गई है। कृषि कानूनों के विरोध में पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के अंदरूनी इलाकों से आए हजारों किसान देश की राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर 26 नवंबर से डटे हुए हैं। किसानों की मांग है कि, सरकार इन कृषि कानूनों को वापस लें।