बीजेपी की क्षेत्रीय बैठक में नहीं पहुंचीं पंकजा मुंडे, चंद्रकांत पाटिल बोले- बीमार हैं

0

महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता पंकजा मुंडे सोमवार को औरंगाबाद में हुई पार्टी की क्षेत्रीय बैठक के दौरान मौजूद नहीं थीं। बताया जाता है कि 21 अक्टूबर को हुए विधानसभा चुनावों में हार के बाद से ही वह नाराज चल रही हैं।

पंकजा मुंडे
फाइल फोटो

महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि वह स्वस्थ महसूस नहीं कर रही थीं, जिस कारण वह नहीं आ सकीं। पंकजा मुंडे के ना आने के सवाल पर चंद्रकांत पाटिल ने संवाददाताओं से कहा, ‘बैठक के लिए औरंगाबाद आने से पहले मैंने पंकजा मुंडे से बात की थी। वह बीमार हैं। बहरहाल, 12 दिसम्बर की रैली के लिए तैयारियां चल रही हैं। पूर्व अनुमति से वह अनुपस्थित रहीं।’ भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि वह दो दिनों बाद पंकजा के बीड जिले के परली स्थित गृह नगर में उनसे मुलाकात करेंगे।

भाजपा के दिवंगत नेता गोपीनाथ मुंडे की बेटी पंकजा ने महाराष्ट्र में ‘‘बदली राजनीतिक परिस्थितियों’’ में अपनी भावी राजनीतिक यात्रा के बारे में सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर खलबली मचा दी थी। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से ‘‘भाजपा’’ शब्द भी हटा दिया जिससे भाजपा में उनके भविष्य को लेकर कयास लगाए जाने लगे थे।

हालांकि, बाद में पंकजा मुंडे ने स्पष्ट किया कि वह भाजपा नहीं छोड़ रही हैं और दल बदलना उनके खून में नहीं है। उन्होंने 12 दिसंबर को अपने समर्थकों की एक बैठक बुलाई है। बताया जा रहा है कि, इस बैठक में वह कोई बड़ा ऐलान भी कर सकती हैं। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleNew twist as Siddharth Shukla ‘out’ of Bigg Boss house after facing wrath from Salman Khan
Next articleKarnataka Assembly Bypolls: Setback for Congress as BJP wrests 12 seats, secures majority in assembly