भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के प्रमुख तथा करीमनगर से सांसद बी संजय कुमार और अन्य लोगों के खिलाफ नालगोंडा जिले में लॉकडाउन के उल्लंघन के लिए मामला दर्ज किया गया है। भाजपा ने पुलिस की इस कार्रवाई की निंदा करते हुए टीआरएस सरकार पर लॉकडाउन नियमों के नाम पर पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज करने का आरोप लगाया।
पुलिस ने कहा कि बी संजय कुमार नालगोंडा भाजपा अध्यक्ष श्रीधर रेड्डी और अन्य नेताओं के साथ मंगलवार को जिले के पेड्डावूरा मंडल में एक खेत में किसानों से मिलने गए थे। इसके बाद वहां एक लगभग 60 लोगों की एक सभा हुई, जिसमें धक्का-मुक्की हो गई। उन्होंने कहा कि इसके अलावा सभा में सामाजिक दूरी के नियमों का पालन भी नहीं किया गया।
पुलिस अधीक्षक ए वी रंगनाथ ने समाचार एजेंसी पीटीआई (भाषा) को बताया कि लॉकडाउन नियमों के उल्लंघन के वीडियो और तस्वीरों के आधार पर सांसद और अन्य लोगों को खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
हालांकि, भाजपा एमएलसी एन रामचन्द्र राव ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए बुधवार को कहा कि संजय कुमार और अन्य लोग अपनी फसल बेचने में दिक्कतों का सामना कर रहे परेशान किसानों से मिलने गए थे। भाजपा एमएलसी ने आरोप लगाया कि मामलों को नाकाम करके टीआरएस सरकार उन विपक्षी सदस्यों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है जो किसानों की समस्याओं के बारे में सरकार से प्रतिक्रिया देना चाहते थे।