#MeToo: यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद टाटा सन्स ने सुहेल सेठ के साथ खत्म किया कॉन्ट्रैक्ट

0

देश भर में चल रहे ‘मी टू’ अभियान (यौन उत्पीड़न के खिलाफ अभियान) के तहत हर रोज चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। अमेरिका से शुरू हुए ‘मीटू’ आंदोलन ने भारत में भी भूचाल मचा दिया है। मी टू अभियान के तहत हर रोज बॉलीवुड से कई महिलाएं आगे आकर अपनी आपबीती बयां कर रही हैं। ‘मी टू’ अभियान के तहत छह महिलाओं ने कमेंटेटर और मशहूर लेखक सुहेल सेठ पर भी यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। हालांकि, सुहेल ने इन आरोपों को गलत बताया है।

इस बीच मी टू अभियान के तहत लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद टाटा सन्स ने सुहेल सेठ के साथ कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने का फैसला किया है। टाटा सन्स की ओर से बयान जारी कर बताया गया है कि 30 नवंबर 2018 को सुहेल सेठ के साथ कंपनी का करार खत्म हो रहा है। सुहेल ने टाटा सन्स के चेयरमैन सायरस मिस्त्री को हटाए जाने के बाद साल 2016 में टाटा के मैनेजमेंट और ब्रांड रीबिल्डिंग में अहम भूमिका निभाई थी।

टाटा उन पर लगे आरोपों के बाद से ही इस मामले में तहकीकात कर रहा था। सुहेल पर मॉडल डिएंड्रा सोरेस, फिल्ममेकर नताशा राठौर और लेखिका इरा त्रिवेदी समेत कुल 6 महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा है। उन पर लगे इन आरोपों के बाद टाटा ने इस मामले की जांच करवाई थी। सोमवार को टाटा संस के प्रवक्ता ने बताया कि सुहेल सेठ का संस्थान के साथ कॉन्ट्रैक्ट 30 नवंबर, 2018 को खत्म हो रहा है।

सुहेल सेठ पर 6 महिलाओं ने लगाए यौन शोषण के गंभीर आरोप

बिग बॉस की पूर्व प्रतिभागी डियेंड्रा सोरस ने फेसबुक पोस्ट के जरिए सुहेल सेठ पर यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया था। उन्होंने बताया था कि यह घटना कुछ साल पहले की है जब वह दिल्ली के एक फैशन वीक के बाद ‘आफ्टर पार्टी’ में शामिल हुई थीं। जहां सुहेल ने उनके साथ बदतमीजी की। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी भद्दी हरकरत का उन्होंने उन्हें अच्छा सबक सिखाया था।

वहीं, फिल्म निर्माता नताशा राठौर का आरोप है कि सुहेल ने उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश की थी। स्क्रीनशॉट साझा करते हुए उन्होंने लिखा, ‘पिछले साल यह हादसा गुरुग्राम में हुआ था। जहां सुहेल ने उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश की। जिसपर मैंने सुहेल सेठ को फटकार लगाई। मेरे बॉस के जरिए मेरी उनसे मुलाकात हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सुहेल ने मुझे चूमने की कोशिश की और गंदी हरकते करने लगे।

वहीं, मुंबई की 31 वर्षीय एक अन्य महिला ने भी नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर इंडियन एक्सप्रेस को बताया था कि वह सुहेल सेठ से पिछले साल एक प्रसिद्ध रेस्टोरेंट और बार में मिली थीं। उन्होंने बताया, ‘वह मेरे पिता को अच्छी तरह से जानते थे और मैं उनसे एक बार दिल्ली में अपने पिता के साथ मिल चुकी थी। मेरे पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। रेस्टोरेंट में मिलने के दौरान बातचीत में सुहेल सेक्स और आॅनलाइन डेटिंग की बात करने लगे। फिर उन्होंने अपना हाथ कमर पर रख दिया। उनकी ये हरकत ने काफी तकलीफदेह थी।’

आपको बता दें कि अभिनेता नाना पाटेकर पर एक फिल्म की शूटिंग के दौरान 2008 में अपने साथ दुर्व्यवहार करने का अदाकारा तनुश्री दत्ता द्वारा आरोप लगाए जाने के बाद देश में शुरू हुआ ‘‘मी टू’’ अभियान तेजी से आगे बढ़ा है। कई महिलाओं ने सामने आकर विभिन्न शख्सियतों के खिलाफ अपनी शिकायत व्यक्त की है। यौन दुर्व्यवहार के आरोपियों में पूर्व विदेश राज्य मंत्री एम जे अकबर, फिल्म निर्देशक सुभाष घई, साजिद खान, रजत कपूर और अभिनेता आलोक नाथ आदि शामिल हैं। अकबर ने अपने खिलाफ लगे इन आरोपों को लेकर मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।

 

Previous articleTV channel editor, who shot to fame with sting operation on Harish Rawat, arrested amidst extortion allegations
Next articleSuhel Seth dumped by Tata Sons after MeToo allegations