लोकसभा चुनाव: कांग्रेस के बाद अब सपा ने भी की 6 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा, मुलायम सिहं यादव मैनपुरी से होंगे उम्मीदवार

0

कांग्रेस के बाद अब समाजवादी पार्टी (सपा) ने भी लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार (8 मार्च) को छह प्रत्याशियों के नामों की सूची जारी कर दी। इस सूची में पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का नाम भी शामिल है। पार्टी महासचिव राम गोपाल यादव द्वारा जारी सूची में आजमगढ से सांसद मुलायम सिंह यादव को मैनपुरी से चुनाव मैदान में उतारा गया है, जबकि धर्मेन्द्र यादव बंदायू से और अक्षय यादव फिरोजाबाद से चुनाव लडेंगे।

FILE PHOTO

 

इसके अलावा इटावा से कमलेश कठारिया, राबर्टसगंज से भाईलाल कोल और बहराइच से शब्बीर वाल्मीकि को उतारा गया है। बता दें कि मैनपुरी सीट से मुलायम सिहं 1996, 2004 और 2009 से चुनाव जीत चुके हैं। 2014 लोकसभा चुनाव में मुलायम आजमगढ और मैनपुरी दो सीटों से चुनाव लड़े थे और दोनों ही स्थानों से जीते थे।

राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि मैनपुरी लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी के लिए काफी सुरक्षित सीट है। इस सीट पर पिछली बार मुलायम साढे तीन लाख से अधिक वोटो से जीते थे। बता दें कि इससे पहले गुरुवार को ही कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश और गुजरात के लिए अपने 15 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है।

इसमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी के भी नाम हैं जो क्रमशः रायबरेली और अमेठी से ही चुनाव लड़ेंगे। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इस सूची को मंजूरी मिली। इस सूची में उत्तर प्रदेश के लिए 11 और गुजरात के चार उम्मीदवार घोषित किए गए हैं।

Previous articleमुकेश अंबानी के बेटे अनंत को BJP सरकार ने दी बड़ी जिम्मेदारी, बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति में मिला यह अहम पद
Next articleअयोध्या मामला: श्री श्री रविशंकर को मध्यस्थ बनाए जाने पर असदुद्दीन ओवैसी ने जताई आपत्ति, जानें सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर किसने क्या कहा