सोनिया गांधी ने पूर्व PM मनमोहन सिंह को दी जन्मदिन की बधाई, कहा- मौजूदा समय के शासक उनके ज्ञान से बहुत कुछ सीख सकते हैं

0

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनमोहन सिंह का आज 87वां जन्मदिन है। पीएम मोदी सहित कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई दी। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई दी और कहा कि वर्तमान समय के शासक उनके ज्ञान से बहुत कुछ सीख सकते हैं।

सोनिया गांधी
फाइल फोटो

सोनिया गांधी ने गुरुवार को एक बयान में कहा, ‘‘हम राष्ट्र निर्माण, समावेशी विकास और अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करने में मनमोहन सिंह के शानदार योगदान को याद करते हैं। उनके बेहतरीन नेतृत्व ने यह सुनिश्चित किया कि मुश्किल समय में भी भारत प्रतिबद्धित विकास की तरफ बढ़े। मौजूदा समय के शासक उनके नैसर्गिक ज्ञान से बहुत कुछ सीख सकते हैं।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने मनमोहन सिंह के स्वस्थ और समृद्ध जीवन तथा आगे भी राष्ट्र एवं कांग्रेस पार्टी की सेवा करते रहने की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंी मनमोहन सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की है।डॉ सिंह को ट्विटर पर जन्मदिन की बधाई देते हुए मोदी ने कहा, ‘‘हमारे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं, मैं उनके दीर्घायु होने और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।’’

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘डॉक्टर मनमोहन सिंह के जन्मदिन पर हम उनकी नि:स्वार्थ सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण में उनके शानदार योगदान को याद करते हैं।‘‘ उन्होंने कहा, ‘‘जन्मदिन पर उन्हें मेरी शुभकामनाएं। मैं उनकी अच्छी सेहत और खुशहाली की कामना करता हूं।’’

पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा, ‘‘डॉक्ट मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई। आप दीर्घायु हों। मैं सरकार से आग्रह करता हूं कि वह मनमोहन सिंह की बातों को सुने। ‘‘ उन्होंने कहा, ‘‘अगर इस वक्त देश को आर्थिक बदहाली से बाहर निकालने का रास्ता कोई दिखा सकता है तो वह मनमोहन सिंह हैं।’’ आईएनएक्स मीडिया मामले में तिहाड़ जेल में बंद चिदंबरम की तरफ से उनके परिवार ने उनके आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यह टिप्पणी पोस्ट की।

पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा, ‘‘आज डॉक्टर मनमोहन सिंह 87 साल के हो गए। उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को 4 जुलाई, 1991 के अपने बजट के जरिए बदल दिया था। उनके ज्ञान की फिलहाल सबसे ज्यादा जरूरत है।‘‘ कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ‘‘10 वर्षों तक देश का कुशलतापूर्वक नेतृत्व करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री तथा विद्वान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के जन्मदिवस पर उन्हें बधाई व शुभकामनाएँ।‘‘ उन्होंने कहा, ‘‘ईश्वर आपको स्वस्थ,प्रसन्न रखे तथा दीर्घ आयु प्रदान करें ताकि लंबे समय तक आपकी विद्वता व ज्ञान का लाभ देश और दुनिया को मिलता रहे।‘‘ (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleफ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति जाक शिराक का 86 साल की उम्र में निधन
Next articleOlympic medalist Yogeshwar Dutt, former Indian Hockey Team captain Sandeep Singh join BJP ahead of Haryana assembly polls