बिहार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए है कि राज्य सरकार और प्रशासन दोनों इनके आगे बेबस नजर आ रहे हैं। विपक्ष जहां राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर लगातार निशाना साध रही है तो वही अपराधी भी पुलिस को चुनौती दे रहे है। इस बीच, सिवान जिले में अपराधियों ने एक मुखिया के पति और भांजे की गोली मारकर हत्या कर दी और शव को अलग-अलग थाना क्षेत्र में फेंक दिया। पुलिस ने गुरुवार को दोनो शवों को बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, हुसैनगंज थाना क्षेत्र की बघौनी पंचायत की मुखिया ज्योति देवी के पति विश्वकर्मा बिन और उनके भांजे अमरजीत की गोली मार हत्या कर दी गई है। विश्वकर्मा बिन का शव उसके पैतृक गांव बघौनी में मिला है जबकि अमरजीत का शव एम एच नगर थाना क्षेत्र के कबीलापुर मोड़ के पास से बरामद किया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुटी है।
हुसैनगंज के थाना प्रभारी रामबालक यादव ने बताया कि हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रथम दष्टया हत्या का कारण आपसी विवाद में हत्या की बात बताई जा रही है। उन्होंने कहा विश्वकर्मा बिन पर अपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
वहीं, इस घटना के बाद से ही गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील है। बताया जाता है मृतक विश्वकर्मा का कुछ ही दिन पहले किसी से झगड़ा भी हुआ था। फिलहाल, पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएंगी।
[Please join our Telegram group to stay up to date about news items published by Janta Ka Reporter]