उत्तर प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ते जा रहें है, जो रुकने का नाम ही नहीं है। राज्य में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद है कि वो कहीं भी घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो जाते है। इस बीच, प्रयागराज स्थित नवाबगंज थाना क्षेत्र के खागलपुर गांव में शुक्रवार की रात दिल दहलाने वाली वारदात हुई, जहां एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या कर दी गई। शनिवार को इसकी जानकारी होने पर हड़कंप मच गया। डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम भी जांच पड़ताल कर रही है। एक ही परिवार के इतने लोगों की हत्या से गांव में दहशत का माहौल है।
प्रयागराज के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि प्रयागराज स्थित नवाबगंज के खागलपुर गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतकों में राहुल तिवारी, उसकी पत्नी और तीन बच्चे शामिल है। हर तरह के एंगल से मामले की जांच चल रही है। अलग पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार मृतक कौशांबी का रहने वाला परिवार नवाबगंज के खागलपुर में किराए पर रहता था। निवासी भादवा सिराथू थाना कोखराज निवासी राहुल तिवारी दुधारू पशुओं का व्यापार करता था। वह सुरेश कुमार तिवारी के मकान में किराए पर कमरा लेकर रहता था। राहुल तिवारी पत्नी प्रीति और तीन बेटियों के साथ रहता था। बेटियों की उम्र 12, सात और पांच वर्ष थी।
शुक्रवार की रात में राहुल परिवार के साथ खाना खाने के बाद सो रहा था। रात में घर के सभी पांचों लोगों की हत्या कर दी गई। सुबह पड़ोसी दादू ने सबसे पहले शवों को देखा। फिर दूसरे किराएदार संदीप को फोन करके बताया।
ग्रामीणों को वारदात की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी। हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड की मदद से छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि, हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। (इंपुट: IANS के साथ)
[Please join our Telegram group to stay up to date about news items published by Janta Ka Reporter]