जकार्ता में चल रहे एशियाई खेलों में भारत की झोली में एक और पदक आ गिरा है। भारत को 18वें एशियाई खेलों में मंगलवार को पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल निशानेबाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल हुआ। भारत के 16 वर्षीय निशानेबाज सौरभ चौधरी ने पदार्पण करने के साथ ही स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। यह भारत की झोली में तीसरे दिन गिरा पहला और कुल तीसरा स्वर्ण पदक है।
इसके अलावा इस स्पर्धा में एक अन्य निशानेबाज अभिषेक वर्मा ने कांस्य पदक हासिल किया। सौरभ ने एशियाई खेलों में इस स्पर्धा का रिकॉर्ड तोड़ते हुए कुल 240.7 अंक हासिल किए और सोना जीता। अभिषेक ने फाइनल में शीर्ष-3 में जगह बनाई और अंत में कुल 219-3 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता।
गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली महिला पहलवान बनीं विनेश फोगाट
इससे पहले सोमवार (20 अगस्त) को भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने एशियाई खेलों में इतिहास रचते हुए कुश्ती में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। विनेश फोगाट ने इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में जारी 18वें एशियाई खेलों के दूसरे दिन 50 किलोग्राम भारवर्ग फ्रीस्टाइल स्पर्धा के फाइनल में जापानी की युकी इरी को 6-2 से मात देते हुए पहली बार एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया।
विनेश एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनी हैं। इस उपलब्धि के साथ वह पहली भारतीय महिला पहलवान बनी हैं, जिन्होंने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक अपने नाम किया हो। पिछले एशियाई खेलों में कांस्य जीतने वाली विनेश ने इन खेलों में शानदार प्रदर्शन कर अपने पदक का रंग बदला।