‘जनता का रिपोर्टर’ द्वारा राफेल लड़ाकू विमानों के सौदे को लेकर किए गए खुलासे के बाद राजनीतिक गलियारों में भूचाल आ गया है। इसी बीच, राफेल डील पर पक्ष-विपक्ष में आरोप-प्रत्यारोप के बीच उद्योगपति अनिल अंबानी के रिलायंस ग्रुप ने आम आदमी पार्टी(AAP) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के खिलाफ 5000 करोड़ रुपये की मानहानि का नोटिस भेजा है।
इसकी जानकारी खुद संजय सिंह ने अपने ट्विटर हैंडल पर दी है। इसके साथ ही आप नेता ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे भी आवाज उठने की हुंकार भरी है।
राज्यसभा सांसद संजय सिंह के खिलाफ यह मुकदमा 13 फरवरी, 2018 को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिए गए उनके बयान के बाद किया गया है। 13 फरवरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय सिंह ने कथित तौर पर कहा था कि, भारत और फ्रांस में 36 राफेल विमानों को लेकर 56000 करोड़ की डील हुई है।
मानहानि के नोटिस पर संजय सिंह ने भी पलटवार किया है। संजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि उद्योगपतियों की दबंगई चरम पर है। पहले घोटाला करेंगे, फिर उसके ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने वालों पर मानहानि का केस करेंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि, राफ़ेल रक्षा सौदे का घोटाला उजागर करने पर अम्बानी ने मेरे ऊपर देश का सबसे बड़ा 5000 करोड़ का मानहानि नोटिस भेजा। उन्होंने अपने ट्वीट में आगे कहा कि मैं अपनी बात पर क़ायम हूं, बन्दर घुड़की नहीं चलेगी।
उद्योगपतियों की दबंगई चरम पर है, पहले घोटाला करेंगे, फिर उसके ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने वालों पर मानहानि,राफ़ेल रक्षा सौदे का घोटाला उजागर करने पर अम्बानी ने मेरे ऊपर देश का सबसे बड़ा 5000 करोड़ का मानहानि नोटिस भेजा, अपनी बात पर क़ायम हूँ बन्दरघुड़की नही चलेगी https://t.co/EIF8Liaew0
— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) February 16, 2018
गौरतलब है कि, संजय सिंह ने मोदी सरकार पर राफ़ेल रक्षा सौदे में घोटाला का आरोप लगाते हुए अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस डिफेंस को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया था। यह आरोप उन्होंने राज्यसभा में भी लगाए हैं।
संजय सिंह को मानहानि का नोटिस मिले के बाद आप के दूसरे नेता आशुतोष ने ट्वीट कर अनिल अंबानी और नीरव मोदी पर तंज कसा है। आशुतोष ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, कृपया मेरा ज्ञानवर्धन करें कि अनिल अंबानी मजाक कर रहे हैं। 5000 करोड़ का मानहानि का केस। संजय ने कितना कमाया। अनिल को इस बारे में भी पता करना चाहिए।
Please enlighten me if Anil Ambani is joking !! Defamation suit of 5000 Cr !! How much Sanjay earns !!! Anil should find out !!!
— ashutosh (@ashutosh83B) February 16, 2018
वहीं, आशुतोष ने अपने अगले ट्वीट में लिखा कि, अब तो डर लग रहा है कहीं नीरव मोदी भी मानहानि का मुकदमा न कर दे!!
अब तो डर लग रहा है कहीं नीरव मोदी भी ११४०० करोड़ का मानहानि का मुकदमा न कर दे !!
— ashutosh (@ashutosh83B) February 16, 2018
बता दें कि, ‘जनता का रिपोर्टर’ ने राफेल विमान सौदे को लेकर दो भागों (पढ़िए पार्टी 1 और पार्टी 2 में क्या हुआ था खुलासा) में बड़ा खुलासा किया था। जिसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के सदस्य राफेल सौदे का मुद्दा उठा रहे हैं और इसको लेकर वर्तमान सरकार पर सबसे बड़े घोटाले का अरोप लगा रहे हैं।