पंजाब में दो महिलाओं ने क्रूरता की हद पार करते हुए स्कूटी पर सवार होकर एक कुत्ते को बांधकर सड़कों पर घसीटा, जिस कारण बाद में उसकी मौत हो गई। घटना की कुछ तस्वीरें भी सामने आई है, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में आरोपी महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कर इसकी जांच शुरु कर दी है।
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, पटियाला ASI प्रेम चंद ने बताया, “20 जून को चलती स्कूटी पर सवार दो महिलाओं ने पीछे कुत्ते को बांध रखा था और उसे घसीटा जा रहा था। स्थानीय लोगों के विरोध के बावजूद भी वे नहीं रुके। बाद में एक एनजीओ ने कुत्ते का इलाज किया लेकिन 24 जून को उसकी मौत हो गई। महिलाओं के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।”
Punjab | On June 20, two women riding on a scooter had a dog tied at the back. Despite locals' resistance, they didn't stop. The dog was later treated by an NGO but it died on June 24. Case registered against women under Prevention of Cruelty to Animals Act:Patiala ASI Prem Chand pic.twitter.com/e7lbDgsc4k
— ANI (@ANI) June 29, 2021
महिलाओं पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 429 (जानवरों को मारना या अपंग करना आदि) और पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 (जानवरों के साथ क्रूरता से व्यवहार करना) लागू किया है। बता दें कि, मामला एक पशु अधिकार गैर-सरकारी संगठन (NGO), चोपाया जीव राखा फाउंडेशन की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, चोपाया जीव राखा फाउंडेशन की संस्थापक सुषमा सिंह राठौर ने कहा कि उनका संगठन दो संदिग्धों की पहचान करने में मदद करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा, आरोपी को पकड़ने में मदद करने के लिए पुरस्कार राशि की भी घोषणा की गई है। थाना प्रभारी गुरप्रीत भिंडर ने कहा कि संदिग्धों की तलाश के लिए तलाशी दल लगाए गए हैं।