“ये दिल से नहीं डर से निकला फैसला है”: पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने के फैसले पर प्रियंका गांधी ने सरकार पर कसा तंज

0

देशभर के कई राज्यों में अभी हाल ही में हुए उपचुनावों के नतीजे से केंद्र की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा झटका लगा है। इन चुनाव के नतीजों के बाद मोदी सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने का ऐलान किया है। सरकार के इस फैसले पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि ये दिल से नहीं डर से निकला फैसला है।

फाइल फोटो

प्रियंका गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए गुरुवार को अपने ट्वीट में लिखा, “ये दिल से नहीं डर से निकला फैसला है। वसूली सरकार की लूट को आने वाले चुनाव में जवाब देना है।”

बता दें कि, केंद्र सरकार द्वारा ईंधन पर उत्पाद शुल्क में कमी की घोषणा के कुछ घंटों बाद ही उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने भी ईंधन की कीमतों में और कमी करने का निर्णय लिया है। यूपी में डीजल और पेट्रोल अब 12 रुपये प्रति लीटर सस्ता होगा और नई दरें आज यानी गुरुवार से ही लागू हो जाएंगी।

बता दें कि, उत्पाद शुल्क में कटौती के बाद गुरुवार को कुछ राज्यों में तेल की कीमतें कम हो गई हैं। दिल्ली में प्रति लीटर पेट्रोल 103.97 रुपए और डीज़ल 86.67 रुपए है। वहीं, मुंबई में पेट्रोल 109.98 रुपए और डीज़ल 94.14 रुपए प्रति लीटर है। इसके अलावा कोलकाता में पेट्रोल 104.67 रुपए और डीज़ल 89.79 रुपए प्रति लीटर है।

बता दें कि, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई दिग्गज नेता महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर लगातार हमला बोलते नजर आते रहे हैं। इससे पहले भी कई बार उन्होंने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम में हो रही लगातार बढ़ोतरी को लेकर केद्र सरकार को घेरा था।

Previous articleकर्नाटक: विरोध प्रदर्शन के दौरान सिद्धारमैया का पुतला फूंकने से रोकने पर भाजपा नेता ने पुलिस कांस्टेबल को मारा थप्पड़; वीडियो वायरल होने पर मचा बवाल
Next article“देश के प्रधानमंत्री को मानते हैं या नहीं?”: ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ पर डिबेट के दौरान एंकर सुशांत सिन्हा से हुई बहस तो राकेश टिकैत ने पूछा- ‘आप BJP की तरफ से हो या प्रेस की तरफ से?’