ट्विटर पर कदम रखते ही हर घंटे 10 हजार से ज्यादा बढ़े प्रियंका गांधी के फॉलोवर्स, मायावती को छोड़ा पीछे

0

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के सोमवार को ट्विटर से जुड़ते ही उनके एक लाख से अधिक फॉलोवर्स बन गए। उनके फॉलोवर्स की संख्या हर सेकंड बढ़ रही है। कांग्रेस के पूर्वी उत्तर प्रदेश मामलों की प्रभारी महासचिव नियुक्त किए जाने के बाद उत्तर प्रदेश के पहले दौरे पर गईं प्रियंका गांधी पर सोमवार को कई लोगों की नजरें रहीं। आम लोगों, राजनीतिक विश्लेषकों, प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा और लखनऊ में उनके पहले रोड शो में शामिल हुए कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ताओं की नजरें उन पर टिकी रहीं।

REUTERS/Pawan Kumar

लखनऊ में रोड शो से पहले प्रियंका ने सोमवार को पहली बार में ट्विटर पर अपने संपर्क का शुभारंभ किया। साथ ही, उन्होंने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में चुनावी अभियान का आगाज करते हुए अपने भाई और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ लखनऊ में एक विशाल रोड शो में हिस्सा लिया। ट्विटर पर प्रियंका के फॉलोवर्स लगातार बढ़ रहे हैं, करीब छह से सात घंटे के भीतर ही उनके फॉलोअर्स की संख्या एक लाख पार कर गई।

प्रियंका के ट्विटर पर आगाज के बाद से ही हर घंटे औसतन 10 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स बढ़ते रहे। यही नहीं सोमवार को दिनभर प्रियंका ट्विटर पर ट्रेंड भी करती रहीं। हैशटैग ‘नई उम्मीद, नया देश’ नाम से लखनऊ में चल रहा उनके रोड शो को भी खूब री-ट्वीट किया गया। अगर बसपा प्रमुख मायावती और प्रियंका गांधी के ट्विटर पर आने की घटना की तुलना की जाए तो आप पाएंगे कि प्रियंका गांधी की ट्विटर पर लोकप्रयिता मायावती की तुलना में काफी अधिक है।

मायावती को छोड़ा पीछे

प्रियंका गांधी ने सोमवार को ही ट्विटर पर दस्तक दी। प्रियंका के ट्विटर पर आते ही उनके फॉलोअर्स की बाढ़ आ गई। मंगलवार (खबर लिखे जाने तक) को ताजा आंकडों के मुताबिक, अभी प्रियंका गांधी के ट्विटर पर फॉलोअर्स की संख्या 1 लाख 57 हजार के पहुंच चुका है। हैरानी का बात है कि अब तक उन्होंने एक भी ट्वीट नहीं किया है। उनके फॉलोअर्स बेसब्री से उनके पहले ट्वीट का इंतजार कर रहे हैं।

वहीं, यूपी की पूर्व सीएम मायावती के ट्विटर पर एंट्री की बात करें तो मंगलवार सुबह तक उनके फॉलोअर्स की संख्या 78 हजार के पार है। मायावती अक्टूबर 2018 में ट्विटर से जुड़ी थीं। यानी स्पष्ट है कि मायावती के फॉलोअर्स की संख्या प्रियंका गांधी से करीब आधा कम है। इसमें ध्यान देने वाली बात यह भी है कि मायावती अब तक 32 ट्वीट भी कर चुकी हैं। सोमवार करीब पौने 12 बजे कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से प्रियंका गांधी के ट्विटर अकाउंट की जानकारी दी। शाम होते-होते उनके फॉलोअर्स की संख्या एक लाख पार कर गई।

प्रियंका ने 7 लोगों को फॉलो किया

प्रियंका ट्विटर पर सिर्फ सात लोगों को फॉलो कर रही हैं, जिनमें उनकी पार्टी के ही लोग हैं। इनमें कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल, उनके भाई राहुल गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, पार्टी प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला, राज्यसभा सदस्य अहमद पटेल और कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं।

प्रियंका गांधी के प्रमुख फॉलोवर्स में पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती भी शामिल हैं। भारतीय राजनेताओं में कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सबसे पहले प्रियंका गांधी का ट्विटर पर स्वागत किया। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्विटर पर 4.54 करोड़ फॉलोवर्स के साथ देश के नेताओं में शीर्ष स्थान पर हैं और राहुल गांधी के ट्विटर पर 84.7 लाख फॉलोवर्स हैं।

Previous articleVIDEO: लखनऊ एयरपोर्ट पर जबरन रोका गया पूर्व CM अखिलेश यादव का विमान! इलाहाबाद यूनिवर्सिटी जाने की नहीं मिली इजाजत, सपा प्रमुख ने योगी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, देखें वीडियो
Next articleDelhi on high alert after Manipur MP’s car hit parliament barricade ahead of tabling of Citizenship Amendment Bill in Rajya Sabha