कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने किसानों के मुद्दे को लेकर एक बार फिर से भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि, रस्सी जल गई, लेकिन ऐंठन न गई।
प्रियंका गांधी ने रविवार को अपने ट्वीट में लिखा, “रस्सी जल गई, लेकिन ऐंठन न गई। चुनावी मौसम में भाजपा सरकार किसान बिल तो वापस ले रही है, लेकिन कृषि मंत्री जी द्वारा सांसदों को लिखे गए नोट से स्पष्ट है कि भाजपा की किसान विरोधी मानसिकता अभी भी काबिज है।”
रस्सी जल गई, लेकिन ऐंठन न गई।
चुनावी मौसम में भाजपा सरकार किसान बिल तो वापस ले रही है, लेकिन कृषि मंत्री जी द्वारा सांसदों को लिखे गए नोट से स्पष्ट है कि भाजपा की किसान विरोधी मानसिकता अभी भी काबिज है।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) November 28, 2021
उल्लेखनीय है कि, प्रधानमंत्री मोदी ने 19 नवंबर को राष्ट्र को संबोधित करते हुए कृषक उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्धन और सरलीकरण) कानून, कृषि (सशक्तीकरण और संरक्षण) कीमत आश्वासन और कृषि सेवा करार कानून और आवश्यक वस्तु संशोधन कानून, 2020 को निरस्त करने की घोषणा की थी। साथ ही उन्होंने एमएसपी को प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए एक समिति गठित किए जाने का भी ऐलान किया था।
गौरतलब है कि, इन कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले लगभग एक साल से राजधानी दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर खासकर पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान आंदोलन कर रहे हैं। तीनों कानूनों को निरस्त करने की घोषणा का स्वागत करते हुए किसान संगठनों ने भी एमएसपी के लिए कानून बनाने, आंदोलन में मारे गए किसानों के लिए मुआवजे सहित कुछ अन्य मांगे रखी हैं।
पीएम मोदी के इस ऐलान के बाद भी किसानों का आंदोलन खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। किसान नेताओं ने MSP की मांग को लेकर अभी भी आंदोलन जारी रखा है। 29 नवंबर यानी कल कृषि कानून वापसी का प्रस्ताव पास संसद के शीतकालीन सत्र के पहले ही दिन कृषि मंत्री पेश करेंगे।
[Please join our Telegram group to stay up to date about news items published by Janta Ka Reporter]