‘द स्काई इज पिंक’ के ट्रेलर में प्रियंका चोपड़ा के डायलॉग पर महाराष्ट्र पुलिस ने ली चुटकी, अभिनेत्री ने किया यह रिप्लाई

0

देसी गर्ल के नाम से मशहूर अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की आने वाली बॉलीवुड फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज हुआ। रिलीज के साथ ही यह ट्रेलर लोगों को खूब पसंद आ रहा है। ट्रेलर में प्रियंका चोपड़ा का एक डायलॉग सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वहीं, उनके इस डायलॉग पर महाराष्ट्र पुलिस ने भी चुटकी ली है। फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ में प्रियंका चोपड़ा के लव पार्टनर हैं फरहान अख्तर और इन दोनों सितारों की बेटी की भूमिका में दिखी हैं जायरा वसीम।

प्रियंका चोपड़ा

दरअसल, ट्रेलर के एक सीन में जब सितारों की बेटी आयशा (जायरा वसीम) बीमार पड़ जाती है तो प्रियंका फरहान से कहती हैं कि ‘एक बार आयशा ठीक हो जाए न, फिर साथ में हम बैंक लूटेंगे’। उनके इसी डायलॉग पर महाराष्ट्र पुलिस ने एक मीम की तरह इस्तेमाल किया और ऐसे अपराध की सोच रखने वालों को कड़ी चेतावनी दी है।

महाराष्ट्र पुलिस ने प्रियंका चोपड़ा के इस डायलॉग को अपने ट्विटर हैंडल से शेयर करते हुए लिखा, “अगर आप ऐसा करते हैं तो इसके आईपीसी की धारा 393 के तहत सात साल की जेल की सजा मिलेगी।” अपने इस ट्वीट में महाराष्ट्र पुलिस ने प्रियंका चोपडा़ और फरहान अख्तर को भी टैग किया। प्रियंका की तस्वीर व उस डायलॉग के साथ महाराष्ट्र पुलिस ने #ColoursOfLaw #TheSkyIsPink भी लिखा है।

महाराष्ट्र पुलिस के इस ट्वीट पर प्रियंका चोपड़ा ने भी मजेदार रिप्लाई किया है। अभिनेत्री ने महाराष्ट्र पुलिस के इस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा, “ऊप्स हम रंगे हाथों पकड़े गए। अब प्लान बी को एक्टिवेट करने का टाइम आ गया है।” प्रियंका के अलावा फिल्म के लीड एक्टर फरहान अख्तर ने भी महाराष्ट्र पुलिस के ट्वीट का जवाब दिया। उन्होंने प्रियंका के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा, “दोबारा कैमरे के सामने डाका डालने की योजना नहीं बनाएंगे।”

प्रियंका चोपड़ा और फरहान अख्तर और रोहित सराफ के साथ साथ फिल्म में जायरा वसीम भी हैं। जायरा वसीम की ये आखिरी फिल्म कही जा रही है। शोनाली बोस ने फिल्म का निर्देशन किया है और फिल्म 11 अक्तूबर को रिलीज हो रही है।

Previous article‘आजकल ट्रैक्टर वाले भी ओला-उबर इस्तेमाल कर रहे हैं क्या?’, ऑटो सेक्टर में मंदी पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बयान पर लोगों ने ली चुटकी
Next articleVIDEO: पाकिस्तानी पैनलिस्ट द्वारा ‘बेवकूफ’ कहे जाने पर मुकेश अंबानी के चैनल के लिए काम करने वाले एंकर ने खोया आपा, मेजर जनरल जीडी बख्शी हुए शो से बाहर