नोएडा: फिल्म ‘धूम 2’ की तर्ज पर लूटपाट करने वाला बीएससी का छात्र गिरफ्तार, प्रेमिका पर पैसे खर्च करने के लिए करता था लूटपाट

0

देश का राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा थाना सेक्टर-20 पुलिस ने फिल्म ‘धूम 2’ की तर्ज पर लूटपाट करने वाले बीएससी के एक छात्र को मंगलवार रात गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार किए गए छात्र ने पुलिस को बताया कि वह अपनी प्रेमिका पर पैसे खर्च करने के लिए लूटपाट करता था। गिरफ्तार छात्र के पिता जालंधर (पंजाब) के एक नामी समाचार पत्र में संपादक हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

थाना सेक्टर 20 के प्रभारी निरीक्षक राजवीर सिंह चौहान ने बताया कि मंगलवार रात गश्त पर निकली थाना पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर सेक्टर 19 स्थित ‘इंडो गोल्फ अस्पताल’ के पास से आगरा के रहने वाले अभिषेक उपाध्याय को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि उसके पास से पुलिस ने सोने की 10 चेन, 2000 नगद और लूट में इस्तेमाल की जाने वाली वाली हाई स्पीड मोटरसाइकिल, बाइक गियर्स बरामद किए हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने महिला मित्र पर पैसे खर्च करने के लिए लूटपाट करने की बात कही। उसकी प्रेमिका आगरा के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी भी आगरा के एक कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई कर रहा है और अभी नोएडा सेक्टर 12 में रह रहा था।

उन्होंने बताया कि उसने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 100 से अधिक लूट की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। आरोपी ने बताया कि उसके पिता जालंधर के एक नामी अखबार में संपादक पद पर कार्यरत हैं। गिरफ्तार बदमाश अपनी हाई स्पीड मोटरसइकिल पर बाइक गियर पहनकर लूट करने निकलता था। वह फिल्म ‘धूम 2’ की तर्ज पर लूटपाट करता था। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous article71 फीसदी लोगों ने माना, भारत में खतरे में है प्रेस की आजादी: सर्वे
Next article#SareeTwitter: प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर शेयर की साड़ी वाली तस्वीर, गलतफहमी में लोग देने लगे सालगिरह की बधाई