“आज हम उसे पार्टी से निकालने वाले थे”: हिमाचल प्रदेश में AAP के पूर्व नेता अनूप केसरी के BJP में शामिल होने के बाद बोले मनीष सिसोदिया; अरविंद केजरीवाल ने भी भाजपा पर साधा निशाना

0

हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा झटका लगा है। आम आदमी पार्टी के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी समेत तीन बड़े नेताओं ने शुक्रवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद सभी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। अनूप केसरी के भाजपा में शामिल होने पर मनीष सिसोदिया ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि, महिलाओ के ख़िलाफ़ गंदी हरकत के आरोप में AAP इसे आज निकालने वाली थी।

मनीष सिसोदिया

भाजपा पर निशाना साधते हुए मनीष सिसोदिया ने अपने ट्वीट में कहा, “BJP के शीर्ष नेतृत्व को केजरीवाल जी का ज़बर्दस्त ख़ौफ़। BJP के अध्यक्ष नड्डा और होने वाले नए CM चेहरा अनुराग ठाकुर दौड़ कर हिमाचल प्रदेश पहुँचे और रात 12 बजे AAP के एक पदाधिकारी को शामिल करवाया। महिलाओ के ख़िलाफ़ गंदी हरकत के आरोप में AAP इसे आज निकालने वाली थी। ऐसे लोगो की जगह BJP मे ही है।”

सिसोदिया के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए अरविंद केजरीवाल ने भी भाजपा पर निशाना साधा है। सीएम ने अपने ट्वीट में कहा, “ये लोग मुझसे नहीं, जनता से डरते हैं। भाजपा वालों, अगर ईमानदारी से जनता के लिए काम किया होता तो इतना ख़ौफ़ ना होता, CM बदलने की नौबत ना आती, दूसरी पार्टियों के दागियों के पाँव पड़ने की ज़रूरत ना पड़ती। AAP पर लोगों को भरोसा है। AAP हिमाचल प्रदेश को एक कट्टर ईमानदार और देशभक्त सरकार देगी।”

दिल्ली में जेपी नड्डा के आवास पर अनूप केसरी, महासचिव सतीश ठाकुर और ऊना जिला प्रमुख इकबाल सिंह को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई। इस मौके पर उन्होंने आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने केजरीवाल पर मंडी निर्वाचन क्षेत्र में रोड शो के दौरान पार्टी नेताओं के अपमान का आरोप लगाया।

बता दें कि, 6 अप्रैल को मंडी में अरविंद केजरीवाल ने रोड शो किया था। इस दौरान उनके साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान थे। पंजाब में जीत के बाद से लगातार कई कांग्रेस और भाजपा के नेता पार्टियां छोड़ कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। लेकिन अब पार्टी के तीन प्रमुख नेताओं के भाजपा में शामिल होने से आप को झटका लगा है।

[Please join our Telegram group to stay up to date about news items published by Janta Ka Reporter]

Previous articleसोनम कपूर और आनंद अहूजा के दिल्ली वाले घर में बड़ी चोरी, 1 करोड़ 41 लाख के गहने और कैश गायब
Next article‘हमने मायावती से गठबंधन के लिए कहा था, उन्होंने बात तक नहीं की’: राहुल गांधी का बड़ा बयान