दिल्ली: शाहीन बाग इलाके में हुई फायरिंग को लेकर सीएम केजरीवाल ने अमित शाह पर साधा निशाना

0

देश की राजधानी दिल्ली के जामिया नगर में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर फायरिंग के बाद आज शाहीन बाग में भी फायरिंग हुई है। पुलिस ने गोली चलाने वाले शख्स को हिरासत में ले लिया हैऔर उससे पूछताछ जारी है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

शाहीन बाग

शाहीन बाग इलाके में हुई फायरिंग को लेकर दिल्‍ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। उन्होंने अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि, ‘कानून व्यवस्था की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है।’

शाहीन बाग में हुई फायरिंग के बाद सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा, “अमित शाह जी, ये आपने क्या हाल बना रखा है हमारी दिल्ली का। दिनदहाड़े गोलियां चल रहीं है। कानून व्यवस्था की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है। चुनाव आते जाते रहेंगे, राजनीति भी चलती रहेगी, लेकिन दिल्ली के लोगों की ख़ातिर, कृपया कानून व्यवस्था ठीक करने पर ध्यान दीजिए।”

पुलिस की हिरासत में फायरिंग करने वाले शख्स ने कहा, ‘हमारे देश में और किसी की नहीं चलेगी, सिर्फ हिंदुओं की चलेगी।’ आरोपी ने अपना नाम कपिल गुर्जर बताया है। डीसीपी चिन्मय बिस्वल ने बताया कि, शख्स ने हवाई फायरिंग करके लोगों को डराने की कोशिश की। पुलिस ने उसे तुरंत पकड़ लिया गया।

शाहीन बाग में फायरिंग के बाद धरना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए हैं। बता दें कि, शाहीन बाग में CAA और NRC के खिलाफ प्रदर्शन अभी भी जारी है और अब बाहर से भी यहां पर लोग प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं।

बता दें कि, इससे पहले गुरुवार को ही नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के विरोध में जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय से राजघाट तक निकाले जा रहे मार्च में गुरुवार दोपहर एक शख्स ने गोली चला दी, जिसमें जामिया का एक छात्र घायल हो गया। घटना को लेकर दिल्ली पुलिस सबके निशाने पर थी, क्योंकि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में यह गोलीबारी हुई थी।

बता दें कि, दक्षिणी दिल्ली के शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) और नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजन्स (NRC) के खिलाफ सैकड़ों महिलाएं पिछले 15 दिसंबर से प्रदर्शन कर रही हैं। यहां करीब एक महीने से भी ज्यादा समय से प्रदर्शन चल रहा है। इस प्रदर्शन के चलते नोएडा को दिल्ली से जोड़ने वाली राह कालिंदी कुंज बंद पड़ा है।

Previous articleWATCH- One more incident of firing near Shaheen Bagh, arrested man says ‘only Hindus will rule in this country’
Next articleComedian Kunal Kamra asks if he should make Arnab Goswami’s number public, tells PM Modi to rein in his ‘dogs’