“अरेस्ट वारंट निकालो, हथकड़ी लगाओ और ले चलो”: यूपी पुलिस के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते प्रियंका गांधी का वीडियो वायरल; राहुल गांधी ने भी बढ़ाया बहन का हौसला

0

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा किसानों से मिलने के लिए सोमवार सुबह लखीमपुर खीरी पहुंचने वाली थीं, जहां रविवार को हुई हिंसा में नौ लोगों की मौत हो गई थी। लेकिन उन्हें हरगांव के पास हिरासत में ले लिया गया। यूपी कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी से पुलिसकर्मियों ने जोर जबरदस्ती भी की, जिसका उन्होंने विरोध भी किया। घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें प्रियंका गांधी यूपी पुलिस के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए नज़र आ रही है।

प्रियंका गांधी

लखीमपुर खीरी के पहले हरगांव में हिरासत में लिए जाने के दौरान प्रियंका गांधी ने यूपी पुलिस के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस वाहन में उन्हें कैसे ले जाया जा रहा है। धक्का-मुक्की पर प्रियंका ने पुलिसकर्मियों को चेताया कि यह अपहरण, छेड़छाड़ और मारपीट का मामला बन सकता है। गिरफ्तार करने की चुनौती भी प्रियंका ने पुलिसकर्मियों को दी। उन्होंने पुलिस अफसरों और मंत्रियों से वारंट लाने या ऑर्डर लाने को कहा। प्रियंका ने कहा कि कानून वो भी समझती हैं। यूपी में भले ही कानून का पालन न हो, लेकिन देश में ऐसा कानून है।

हिरासत में लेने के दौरान बेहद नाराज प्रियंका गांधी ने कहा, देखो अगर इस पुलिस गाड़ी में मुझे बिठाया गया तो मेरा अपहरण करोगे, मुझे कानून की पूरी समझ है। प्रियंका के साथ मौजूद कांग्रेस नेता ने कहा कि आप हमें गिरफ्तार करिए। प्रियंका गांधी ने कहा कि आप हमें गिरफ्तार करो, हम खुशी से जाएंगे। लेकिन ये जो जबरदस्ती कर रहे हो, धक्का-मुक्की कर रहे हो। इसमें मारपीट, अपहरण का प्रयास और उत्पीड़न का मामला बनेगा। मैं सब कुछ समझती हूं, छूकर देखो मुझे, जाके अपने अफसरों और मंत्रियों से वारंट लेकर आओ, ऑर्डर लाओ, महिलाओं को आगे मत करो। तुम्हारे प्रदेश में कानून नहीं होगा, लेकिन देश में कानून है। तुम्हारा कोई हक नहीं है।

इस दौरान पुलिसकर्मी प्रियंका गांधी के आसपास खड़े रहे, फिर महिला पुलिसकर्मियों को आगे कर घेरा बनाया गया। घटना से जुड़े यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं।

इस बीच, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी इस मामले में ट्वीट करते हुए प्रियंका गांधी का हौसला बढ़ाया। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, “प्रियंका, मैं जानता हूँ तुम पीछे नहीं हटोगी- तुम्हारी हिम्मत से वे डर गए हैं। न्याय की इस अहिंसक लड़ाई में हम देश के अन्नदाता को जिता कर रहेंगे।”

गौरतलब है कि, लखीमपुर खीरी जिले के आसपास भारी पुलिस तैनाती और बैरिकेडिंग से जनजीवन ठप हो गया है, क्योंकि स्थानीय लोगों सहित अन्य लोगों को उस इलाके में जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है जहां रविवार को हुई हिंसा में नौ लोगों की मौत हो गई थी। लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई घटना को लेकर राज्य की सियासत भी गरमा गई है। विपक्षी दल सरकार की घेराबंदी करने के लिए वहां जाने को बेताब दिख रहे है, प्रशासन ने पूरी मुस्तैदी से उन्हें रोकने की रणनीति बना रखी है।

आप से राज्यसभा सदस्य संजय सिंह व भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर को सीतापुर में रोका गया है। सपा मुखिया अखिलेश यादव को लखनऊ में रोकने का प्रयास जारी है, जबकि छत्तसीगढ़ के सीएम भूपेश बघेल व पंजाब के उप मुख्यमंत्री को लखनऊ एयरपोर्ट पर रोकने का निर्देश जारी किया गया है।

Previous article‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के ‘नट्टू काका’ का निधन, 77 की उम्र में घनश्याम नायक ने ली आखिरी सांस; मुनमुन दत्ता समेत कई कलाकारों ने जताया दुख
Next articleलखीमपुर खीरी हिंसा: BJP सांसद वरुण गांधी ने किसानों का समर्थन करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ को लिखा पत्र, सीबीआई जांच और एक-एक करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की