#MeToo: यौन उत्पीड़न के कई आरोपों का सामना कर रहे एमजे अकबर पर अब महिला पत्रकार ने लगाया रेप का आरोप, ‘एशियन एज’ की पूर्व संपादक ने सुनाई आपबीती

0

भारत में जारी मीटू अभियान की जद में आने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर की मुसीबतें बढती जा रही है। यौन उत्पीड़न के कई आरोपों का सामना कर रहे अकबर पर अब अमेरिका में रहने वाली एक भारतीय मूल की महिला पत्रकार ने रेप का सनसनीखेज आरोप लगाया है। आरोप लगाने वाली पल्लवी गोगोई नाम की ये पत्रकार नेशनल पब्लिक रेडियो (NPR) में चीफ बिजनेस रिपोर्टर हैं। उन्होंने अमेरिकी अखबार वॉशिगटन पोस्ट में एक कॉलम में पूरी घटना का जिक्र किया है।

(Indian Express/File Photo)

पल्लवी गोगोई के मुताबिक 23 साल पहले जब वह ‘एशियन एज’ में काम करती थीं तो तब संपादक रहे एमजे अकबर ने उनका रेप किया। वरिष्ठ पत्रकार पल्लवी गोगोई ने वॉशिंगटन पोस्ट में एक लेख कर विस्तार से बताया है कि 1994 में अकबर ने कैसे उनका यौन शोषण किया। आपको बता दें कि दर्जनों महिलाओं की तरफ से यौन उत्पीड़न के आरोप सामने आने के बाद एमजे अकबर को विदेश राज्य मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

पल्लवी गोगई ने लिखा है कि एमजे अकबर एक शानदार पत्रकार थे लेकिन एशियन एज अखबार में एडिटर अन चीफ रहते हुए उन्होंने अपने अपने पद का दुरुपयोग किया। गोगई ने जब एशियन एज में नौकरी शुरू की थी तब उनकी उम्र सिर्फ 22 साल थी। गोगोई ने अपने ब्लॉग में लिखा है, ‘मैं 22 साल की थी जब मैं एशियन एज में काम करने गई, जहां अधिकतर महिलाएं थीं। हम सभी अकबर के साथ काम कर के खुश थे, उनका पत्रकारिता में काफी नाम था।’

गोगोई ने आगे लिखा कि ऐसा कोई दिन नहीं था जब अकबर उनमें से किसी पर चिल्लाते नहीं थे, लेकिन हर कोई इसे सहता। सिर्फ 23 साल की उम्र में गोगई को अखबार में ओपियनन पेज का एडिटर बना दिया गया। लेकिन उनका कहना है कि इसके लिए उन्हें बड़ी कीमत चुकानी पड़ी। पल्लवी ने लिखा है कि जब वह एक ओप-एड पेज तैयार कर अकबर को दिखाने ले गईं तो उन्होंने तारीफ की। लेकिन इसके बाद अचानक वह उन्हें किस करने के लिए पकड़ने लगे।

पत्रकार ने लिखा है कि वह अकबर के केबिन से शर्मिंदगी और दर्द की स्थिति में बाहर निकल गईं। पल्लवी के मुताबिक यह कोई आखिरी बार नहीं था। गोगोई ने बताया कि मुझे एक मैगजीन की लॉन्चिंग में मदद के लिए बॉम्बे (मुंबई) बुलाया गया। उन्होंने लेआउट देखने के लिए मुझे अपने फैंसी ताज होटल के कमरे में बुलाया।

इसके बाद फिर उन्होंने वहां होटल में पल्लवी को किस करने की कोशिश की, तब वह उन्हें धक्का देकर रोते हुए बाहर आ गईं। इसके बाद अकबर ने उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी भी दी, लेकिन मैंने अपनी नौकरी नहीं छोड़ी। इस घटना के बाद एक स्टोरी मुझे दिल्ली से दूर ले गई। ये असाइनमेंट जयपुर में खत्म होना था।

उन्होंने आगे बताया है कि अकबर ने उनसे कहा कि वह जयपुर में उनके होटल में आकर स्टोरी डिस्कर करूं। लेकिन उस कमरे में उन्होंने (अकबर) मेरे कपड़े फाड़े और मेरा रेप किया। मैं उनसे लड़ी लेकिन वो शारीरिक तौर पर ज्यादा ताकतवर थे। उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बजाय मैं शर्म में डूब गई। मैंने इस बारे में तब किसी को नहीं बताया। क्या कोई मेरा यकीन करता?

पल्लवी गोगोई ने लिखा कि इसके बाद अकबर की उनपर पकड़ और मजबूत हो गई। प्रताड़ना का सिलसिला चलता रहा। बाद में पल्लवी ने नौकरी छोड़ दी। हालांकि, एमजे अकबर के वकील ने इन आरोपों को झूठा करार दिया है। वॉशिंगटन पोस्ट ने इस संबंध में एमजे अकबर के वकील संदीप कपूर से संपर्क किया तो उन्होंने जवाब दिया कि मेरे मुवक्किल (अकबर) ने इन आरोपों को झूठा बताया है।

 

 

Previous articleदिल्ली: महिला शिक्षिका की हत्या के आरोप में पति व उसकी मॉडल गर्लफ्रेंड गिरफ्तार
Next articleKapil Sharma buries differences with Krushna Abhishek, signs him with Bharti Singh for The Kapil Sharma Show