राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुखिया लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बिहार में महागठबंधन टूटने के बाद अब एक और झटका लगा है। दरअसल, बेनामी संपत्ति मामले में घिरे लालू और उनके परिवार के खिलाफ गुरुवार(27 जुलाई) को रेलवे होटल टेंडर मामले में भी उनके परिवार के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) ने केस दर्ज किया है।
इस मामले में ईडी ने लालू, बेटे व बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया है। लालू के परिवार के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया गया है। यह मामला मामला साल 2006 में रेलवे के होटल आवंटन में कथित गड़बड़ी से जुड़ा है। उस समय लालू यादव रेल मंत्री थे।
ED files PMLA case against Lalu Yadav and his family over railway hotel tender matter
— ANI (@ANI) July 27, 2017
सीबीआई इस मामले में पहले से ही रांची और पुरी के बीएनआर होटलों के विकास, रखरखाव और संचालन के लिए टेंडर में कथित अनियमितता पाए जाने के संबंध में यह FIR दर्ज कर चुकी है। ये टेंडर निजी सुजाता होटल्स को दिए गए थे। बीएनआर होटल रेलवे के हैरिटेज होटल हैं, जिन्हें उसी साल (2006 में) IRCTC ने अपने नियंत्रण में ले लिया था।
सीबीआई ने बताया था कि तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी, बिहार के उपमुख्यमंत्री और उनके बेटे तेजस्वी यादव, IRCTC के तत्कालीन एमडी पी.के. गोयल, यादव के विश्वासपात्र प्रेमचंद गुप्ता की पत्नी सुजाता और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।



















