दिल्ली विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने जारी की 54 उम्मीदवारों की सूची, जानें किसे कहां से मिला टिकट

0

कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा के 70 सीटों में से 54 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। लिस्ट में कई पूर्व मंत्रियों और कुछ नए चेहरों के नाम शामिल हैं। पार्टी की ओर से जारी की गई सूची में 10 महिलाओं को टिकट दिया गया है। आप ने 7 महिला प्रत्याशियों को टिकट दिया है तो भाजपा ने अब तक 4 महिला प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। बता दें कि, दिल्ली में 8 फरवरी को मतदान होना है और 11 फरवरी को मतों की गिनती होगी।

File Photo: PTI

लिस्ट के अनुसार, कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ को पटेल नगर से टिकट मिला है। हारून युसूफ को कांग्रेस ने बल्लीमारान से उम्मीदवार बनाया है। अरविंदर सिंह लवली गांधी नगर से चुनाव लड़ेंगे तो आम आदमी पार्टी में रहीं अलका लांबा को चांदनी चौक से चुनावी मैदान में उतारा गया है। दिल्ली के पूर्व मंत्री अशोक वालिया को कृष्णा नगर से टिकट दिया गया है।

दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा की पुत्री शिवानी चोपड़ा को कालकाजी और चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख कीर्ति आजाद की पत्नी को संगम विहार से टिकट मिला है। आदर्श शास्त्री को द्वारका से टिकट दिया गया है, जहां से वह निवर्तमान विधायक हैं। बता दें कि, आम आदमी पार्टी (आप) छोड़कर शास्त्री ने शनिवार को ही कांग्रेस का हाथ थामा है।

पार्टी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ पटपड़गंज सीट पर लक्ष्मण रावत को उतारा गया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया को मंगोलपुरी और देवेंद्र यादव को बादली से टिकट दिया गया है।

आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा के लिए सभी 70 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में 24 नए चेहरे शामिल हैं जबकि 15 मौजूदा विधायकों के नाम सूची में नहीं हैं। बता दें कि, दिल्ली में आठ फरवरी को मतदान होगा और परिणाम 11 फरवरी को घोषित होंगे।

दिल्ली में मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी (आप) और केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है। हालांकि, कांग्रेस की स्थिति भी पिछले चुनाव के मुकाबले मज़बूत लग रही है। 2015 में हुए दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) को रिकॉर्ड जीत मिली थी, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से 67 सीटों पर जीत प्राप्त की थी और 3 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई थी, कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई थी।

हालांकि, 2019 में हुए लोकसभा चुनावों में दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत हुई थी और वोट प्रतिशत के लिहाज से कांग्रेस दूसरे नंबर पर पहुंच गई थी जबकि आम आदमी पार्टी (आप) तीसरे नंबर पर खिसक गई थी।

Previous articleJEE Main Results 2020: National Testing Agency (NTA) declares JEE Main Results 2020 @ jeemain.nta.nic.in
Next articleCongress releases list of 54 candidates for Delhi assembly polls, former AAP MLA Alka Lamba fielded from Chandni Chowk