दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए मतदान समाप्त होने के बाद से सामने आए ज्यादातर एग्जिट पोल्स मुताबिक, दिल्ली में फिर से आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार बन सकती है। हालांकि, इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सीटें बढ़ने का भी अनुमान जताया गया है। जबकि कांग्रेस की स्थिति बद से बदतर होने की आशंका जताई गई है। इस बीच, कांग्रेस पार्टी के दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रभारी पीसी चाको ने एग्जिट पोल्स के नतीजों को खारिज करते हुए कहा है कि असली परिणाम कुछ और आएंगे। चाको ने कहा कि उनकी नजर में एग्जिट पोल रिजल्ट्स सही नहीं हैं।

वहीं, दूसरी ओर दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले ही कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन की चर्चा शुरू होने लग गई हैं। चर्चा चल रही है कि क्या चुनाव नतीजे आने के बाद यदि आम आदमी पार्टी कम सीटें जीतती है तो कांग्रेस उन्हें अपना समर्थन देगी? इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीसी चाको ने इसके संबंध में बड़ा बयान दिया है। पीसी चाको ने कहा है कि यह चुनाव परिणाम पर निर्भर करता है।
समाचार एजेंसी ANI की ओर से आम आदमी पार्टी को कांग्रेस के समर्थन की संभावना पर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए पीसी चाको ने कहा, “सब कुछ परिणामों पर निर्भर करता है। एक बार नतीजें आ जाएं, तभी इस पर विचार किया जा सकेगा। मुझे लगता है कि सर्वे सही नही हैं। जो सर्वे अनुमान लगा रहे हैं कांग्रेस उससे अच्छा प्रदर्शन करेगी।”
बता दें कि, कांग्रेस के नेता इससे पहले भी आम आदमी पार्टी को समर्थन देने की बात से पूरी तरह से इनकार नहीं कर रहे हैं। वहीं, साल 2013 में हुए चुनाव के बाद कांग्रेस के समर्थन से ही आम आदमी पार्टी ने पहली बार दिल्ली में सरकार बनाई थी।
PC Chacko, Congress on being asked about any possibility of Congress-AAP alliance: It depends on the results. Once results are out then only we can discuss it; I think the surveys are not correct. Congress is likely to do better than what surveys predict. #DelhiElections pic.twitter.com/0wmLSrIauI
— ANI (@ANI) February 9, 2020
गौरतलब है कि, दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद आए तकरीबन सभी एग्जिट पोल से संकेत मिलता है कि सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी भाजपा के संभावित उभार के बावजूद आसानी से जीत हासिल करेगी। टाइम्स नाउ-इप्सोस एग्जिट पोल के अनुसार मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल की कुर्सी बरकरार रहेगी और आप 44 तथा भाजपा 24 सीट जीत सकती है।
वहीं, रिपब्लिक-जन की बात के चुनाव बाद सर्वेक्षण में कहा गया कि आप को 48-61 और भाजपा को 9-21 सीटों पर जीत मिल सकती है। टीवी 9 भारतवर्ष-सिसेरो के एग्जिट पोल के अनुसार आप को 54 और भाजपा को 15 सीट मिल सकती हैं। ‘न्यूज एक्स’ की ओर से जारी एग्जिट पोल के मुताबिक, आप को 50 से 56 सीटें और भाजपा को 10 से 14 सीटें मिल सकती हैं। इसमें कांग्रेस का खाता नहीं खुलने का अनुमान लगाया गया है।
गौरतलब है कि, दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए शनिवार को मतदान हुआ। मतगणना 11 फरवरी को होगी। दिल्ली में मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी (आप) और केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है। हालांकि, कांग्रेस की स्थिति भी पिछले चुनाव के मुकाबले मज़बूत लग रही है। आप ने 2015 में शानदार जीत दर्ज कर दिल्ली विधानसभा की 70 में से 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को तीन सीटों से ही संतोष करना पड़ा था।