हमेशा अपने बयानों को लेकर मीडिया की सुर्खियों में रहने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा एक बार फिर से अपने ट्वीट को लेकर विवादों में आ गए है। संबित पात्रा के खिलाफ यूथ कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के रायपुर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज होने के बाद संबित पात्रा अब गिरफ्तारी का सामना कर रहे हैं। इस बीच, छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने संबित पात्रा के एक ट्वीट पर तंज कसा है।
दरअसल, भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने 12 मई को एक ट्वीट किया है। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा था, “नेहरू जी और राजीव गांधी की सच्चाई उजागर करना… ये कहना की कश्मीर की समस्या नेहरू जी ने खड़ी की थी और राजीव गांधी ने बोफ़ोर्स घोटाला किया और 84 के दंगे करवाए.. ये “विभिन्न समूहों” के बीच दुश्मनी बढ़ाना कैसे हो गया? कोई इस लॉजिक को समझा सकता है क्या?”
संबित पात्रा के इस ट्वीट पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने तंज कसा है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने ट्वीट कर लिखा, “पुलिस सारे लॉजिक समझा देगी, इस देश की पुलिस पर भरोसा रखें। P.S- सिलाई मशीन साथ न लाएँ, यहाँ सिलने का इंतज़ाम है।”
पुलिस सारे लॉजिक समझा देगी, इस देश की पुलिस पर भरोसा रखें।
P.S- सिलाई मशीन साथ न लाएँ, यहाँ सिलने का इंतज़ाम है। https://t.co/vvKnekG38f
— INC Chhattisgarh (@INCChhattisgarh) May 12, 2020
गौरतलब है कि, संबित पात्रा ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के पिता राजीव गांधी को निशाना बनाते हुए विवादास्पद ट्वीट किया था। अपने ट्वीट में पात्रा ने लिखा था, “नेहरू और राजीव को भ्रष्ट कहने पे.. कांग्रेसियों ने कम्प्लेन किया है.. टीचर्स से.. अभी तो और जलील होना बाक़ी है। नेहरू ने तो कश्मीर समस्या को भी जन्म दिया.. न होते नेहरू न होता कश्मीर समस्या। राजीव गांधी ने तो बोफ़ोर्स की चोरी की और ३००० सिखों का क़त्ल भी कराया। जाओ और कम्प्लेन करो।”
इस विवादित ट्वीट के बाद छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में पुलिस ने संबित पात्रा के खिलाफ विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता बढ़ाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। एनएसयूआइ के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा व यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष पूर्णचंद्र पाढ़ी की तहरीर पर पुलिस ने पात्रा के खिलाफ आइटी एक्ट व आइपीसी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।