गुजरात में नेतृत्व परिवर्तन की खबर चलाने पर समाचार पोर्टल के संपादक के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज

0

गुजरात में एक समाचार पोर्टल के संपादक के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने अपने पोर्टल पर खबर चलाई थी कि भाजपा आलाकमान मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के स्थान पर केंद्रीय मंत्री मंसुख मंडाविया को मुख्यमंत्री बना सकता है।

गुजरात

समाचार एजेंसी भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अहमदाबाद अपराध शाखा ने ‘फेस ऑफ नेशन’ समाचार पोर्टल के संपादक धवल पटेल के खिलाफ शुक्रवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 124-ए (राजद्रोह) और आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

सहायक पुलिस आयुक्त बीवी गोहिल ने बताया कि कोरोना वायरस की वजह से पटेल को गिरफ्तार नहीं किया गया है, बल्कि हिरासत में लिया गया है और उन्हें कोरोना वायरस की जांच के लिए एसवीपी अस्पताल भेजा गया है।

बता दें कि, इससे पहले जून 2019 में छत्तीसगढ़ में एक इसी तरह का मामला सामने आया था। दरअसल, तब छत्तीसगढ़ के महासमुन्द जिले में बिजली आपूर्ति को लेकर वेबपोर्टल पर समाचार देने पर राज्य विद्युत कम्पनी की शिकायत पर पुलिस ने एक पत्रकार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पत्रकार का वीडियो क्लिप के सोशल मीडिया पर वायरल होने पर यह कार्रवाई हुई थी। हालांकि, यह मामला तूल पकड़ने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल राजद्रोह का केस वापस लेने के निर्देश दिए थे।

Previous articleBJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ कांग्रेस ने दर्ज कराई FIR, पूर्व पीएम जवाहर लाल नेहरू और राजीव गांधी को लेकर किया था अपमानजनक ट्वीट
Next articleलॉकडाउन के बीच झारखंड में मॉब लिंचिंग: बकरी चोरी के आरोप में भीड़ ने एक युवक को पीट-पीटकर मार डाला, एक अन्य गंभीर रूप से घायल