बॉलीवुड के दिग्गज गीतकार अनवर सागर का 70 साल की उम्र में निधन

0

बॉलीवुड के दिग्गज गीतकार अनवर सागर का बुधवार दोपहर मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में निधन हो गया, वह 70 साल के थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वह उम्र संबंधित बीमारियों से पीड़ित थे।

अनवर सागर

अनवर सागर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इंडियन परफॉर्मिग राइट सोसायटी लिमिटेड (आईपीआरएस) ने बुधवार को ट्वीट किया, “वयोवृद्ध गीतकार और आईपीआरएस के सदस्य अनवर सागर नहीं रहे। ‘वादा रहा सनम’ जैसे हिट गीतों के लिए पहचाने जाने वाले सागर ने विजयपथ और याराना जैसी फिल्मों के लिए भी गीत लिखे थे। इस कठिन समय में हमारी आत्मा और प्रार्थना उनके परिवार के साथ है। उनकी आत्मा को शांति मिले।”

अनवर सागर ने 80 और 90 के दशक में कई सारी फिल्मों के लिए गीत लिखे थे। उनके हिट गीतों में अब्बास-मुस्तान की 1992 में आई अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘खिलाड़ी’ का गीत ‘वादा रहा सनम’ और 1992 में आई फिल्म ‘सपने साजन के’ का गीत ‘ये दुआ है मेरे रब से’ शामिल हैं। उन्होंने 1992 में रिलीज हुई दिव्या भारती स्टारर फिल्म ‘दिल का क्या कसूर’ का शीर्षक गीत भी लिखा था।

उन्होंने 1994 में आई अजय देवगन-तब्बू स्टारर फिल्म ‘विजयपथ’ और डेविड धवन की 1995 में रिलीज हुई ‘याराना’ के लिए गीत लिखे थे, जिसमें ऋषि कपूर, माधुरी दीक्षित और राज बब्बर प्रमुख भूमिकाओं में थे।

बता दें कि, हाल ही में बॉलीवुड के मशहूर सिंगर वाजिद खान का भी 42 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। संगीतकार के निधन के बाद पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई थी। साल 2020 बॉलीवुड केलिए काफी ख़राब रहा है। बीते 35 दिनों में तमाम सिलेब्‍स के निधन की खबरें आ चुकी हैं। इसमें बॉलीवुड के दिग्गज ऋषि कपूर, इरफान खान जैसे बड़े नाम शामिल हैं। (इंपुट: आईएएनएस के साथ)

Previous articleबॉलीवुड कास्टिंग डायरेक्टर कृष कपूर का 28 साल की उम्र में निधन
Next articleकोरोना वायरस: देश में एक दिन में सबसे ज्यादा 9,304 नए मामले, मृतकों की संख्या 6,075 पहुंची