बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ता और पप्पू यादव की पार्टी के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र की नीतियों के विरुद्ध पटना में भाजपा दफ्तर का घेराव किया। जिसके बाद भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पप्पू यादव की पार्टी के कार्यकर्ताओं की जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
दरअसल, संसद के दोनों सदनों से पारित हुए तीनों कृषि विधेयकों के विरोध में आज (25 सितंबर) किसान संगठनों ने देशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया है। विभिन्न राजनीतिक दलों ने इस बंद का समर्थन किया है। इस बीच, जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कृषि विधेयक को किसान विरोधी बताते हुए पटना में भाजपा दफ्तर का घेराव किया, इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं से उनका विवाद हो गया है।
जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता बीच सड़क एक वाहन में तोड़फोड़ करते हुए नजर आ रहे हैं। वाहन में पप्पू यादव पोस्टर लगा हुआ है। इस दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता गाड़ी पर चढ़कर पप्पू यादव की पार्टी के कार्यकर्ता पर लाठी से एक के बाद एक कई वार करता हुआ दिख रहा है। इसके बाद भाजपा कार्यकार्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे भी लगाए।
गुंडागर्दी का जवाब महागुंडागर्दी से…
किसान क़ानून के ख़िलाफ़ पप्पू यादव के कार्यकर्ता BJP दफ़्तर की गेट पर चढ़कर प्रदर्शन कर रही थे।
उसके बाद BJP कार्यकर्ताओं ने JAP कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। @pappuyadavjapl pic.twitter.com/A4ejdLHOiy
— Utkarsh Singh (@UtkarshSingh_) September 25, 2020
ये दृश्य आज पटना में भाजपा दफ़्तर के बाहर का हैं जहाँ पप्पू यादव के पार्टी कार्यकर्ताओं ने दफ़्तर का घेराब किया और बाद में पुलिस वालों के सामने उनकी जमकर पिटाई की गयी ।@ndtvindia @Anurag_Dwary pic.twitter.com/ZVExKa73BC
— manish (@manishndtv) September 25, 2020
बता दें कि, संसद से पारित हो चुके कृषि सुधार विधेयकों का देशभर में जमकर विरोध हो रहा है। इन विधेयकों के खिलाफ आज भारत बंद का आह्वान किया गया है। तमाम किसान संगठनों की ओर से आहूत देशव्यापी बंद को राजनीतिक दलों ने समर्थन देने का ऐलान किया है। जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष पप्पू यादव ने भी किसानों के समर्थन में आज बिहार बंद बुलाया है। किसान बिल के मुद्दे पर पप्पू यादव भी केंद्र सरकार के खिलाफ खड़े हैं। खुद पप्पू यादव भी आज पटना में बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतरे।