Bihar Exit Poll 2020: बिहार में 243 सीटों पर तीन चरणों में संपन्न विधानसभा चुनाव के लिए एग्जिट पोल जारी कर दिए गए हैं। एग्जिट पोल के मुताबिक, बिहार में महागठबंधन की सरकार बन सकती है। बिहार विधानसभा चुनाव से संबंधित अधिकतर एग्जिट पोल में राजद की अगुवाई वाले महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने के अनुमान पर संदेह प्रकट करते हुए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने कहा कि इस तरह के सर्वेक्षण अक्सर उन बड़ी तादात के मतदाताओं की राय नहीं ले पाते जो खामोश होते हैं। दूसरी तरफ, राजद और कांग्रेस के नेताओं ने एग्जिट पोल के अनुमान पर खुशी जताई तो लोक जनशक्ति पार्टी ने इस बात पर जोर दिया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ उनका रुख सही साबित हुआ है।
जद(यू) की बिहार इकाई के अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा, ‘‘बिहार के संदर्भ में एग्जिट पोल हमेशा गलत साबित हुए हैं। 2015 में इन्हीं एग्जिट पोल में उस वक्त के हमारे विरोधियों को आगे दिखाया गया था, लेकिन हमारे गठबंधन ने दो-तिहाई बहुमत हासिल किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें विश्वास है कि 10 नवंबर के नतीजे इन एग्जिट पोल से अलग होंगे।‘‘
भाजपा नेता मनोज तिवारी ने कहा, ‘‘बिहार की जनता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को लेकर कोई संदेह नहीं है। बहरहाल, पार्टी ने कहा था कि नीतीश कुमार ही प्रदेश का नेतृत्व करने के लिए लोकप्रिय विकल्प हैं। हम आशा करते हैं कि नतीजे इन एग्जिट पोल से अलग होंगे।’’
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने दिल्ली में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें पूरा विश्वास है कि बिहार ने बदलाव के लिए वोट किया है।’’ उन्होंने कहा कि बिहार एक ऐसी सरकार चाहता है जो युवाओं को रोजगार, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान करे तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करे। राजद प्रवक्ता मनोज झा ने एक चैनल के एक्जिट पोल के अनुमान को ट्विटर पर साझा करते हुए कहा, ‘‘निश्चित तौर पर शानदार।’’
गौरतलब है कि, बिहार विधानसभा चुनाव से संबंधित शनिवार को आए कई एग्जिट पोल के अनुसार राजद नीत विपक्षी महागठबंधन को सत्तारूढ़ एनडीए पर बढ़त मिलती दिख रही है। अधिकतर एग्जिट पोल में महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है।
जानिए; क्या कहते हैं एक्ज़िट पोल, कौन किसको दे रहा है कितनी सीटें:
- एबीपी न्यूज और सी वोटर के सर्वे के अनुसार एग्जिट पोल के मुताबिक बिहार में नीतीश कुमार के एनडीए गठबंधन को 104 से 121 सीटें मिलती दिख रही है। आरजेडी और कांग्रेस महागठबंधन को 108 से 131 सीटों का अनुमान लगाया गया है। अन्य के खाते में 4 से 8 सीटें जा सकती हैं।
- इंडिया टीवी के एग्जिट पोल में एनडीए को 116 और महागठबंधन को 120 सीटें दी गई हैं। अन्य के खाते में 7 सीटें जा सकती हैं। न्यूज 24 के एग्जिट पोल में महागठबंधन सरकार बिहार में महागठबंधन की सरकार बन सकती है। न्यूज 24 के एग्जिट पोल में एनडीए गठबंधन को 104 से 128 सीटें दी गई हैं। जबकि महागठबंधन के खाते में 108 से 131 सीटें जा सकती हैं। अन्य के खाते में कोई सीट नहीं है।
- रिपब्लिक भारत के एग्जिट पोल में महागठबंधन को 118 से 138 सीटें दी गई हैं। वहीं एनडीए गठबंधन को 91 से 117 सीटें दी गई हैं। दोनों गठबंधन के बीच कांटे का मुकाबला दिखाया गया है।
- टाइम्स नाउ-सी वोटर ने एनडीए को 116 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। इस एग्ज़िट पोल में महागठबंधन को 120 सीटें और एलजेपी को 1 सीट मिलने का अनुमान लगाया गया है। टीवी-9 भारतवर्ष ने अनुमान लगाया है कि एनडीए को 110-120, महागठबंधन को 115-125 और एलजेपी को 3-5 सीटें मिल सकती हैं।
- आजतक-एक्सिस माई इंडिया और टूडेज़ चाणक्य के एग्ज़िट पोल के मुताबिक महागठबंधन आसानी से बहुमत हासिल कर सकता है। आजतक-एक्सिस माई इंडिया के मुताबिक महागठबंधन को 139-161 सीटें मिल सकती हैं और एनडीए के खाते में सिर्फ 69-91 सीटें आने का अनुमान है।
- टूडेज़ चाणक्य के मुताबिक, महागठबंधन को 180 सीटें मिलने का अनुमान है और जेडीयू को सिर्फ़ 55। पोल में 11 सीटों का मार्जिन रखा गया है यानी कि दोनों की 11 सीटें कम ज़्यादा हो सकती हैं।