बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने गुरुवार को कहा कि यह उनका आखिरी चुनाव है। पूर्णिया में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने इस बात की घोषणा की। इस दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि सब लोग मिलकर लेसी सिंह को भारी मतों से विजय बनाइएगा। बता दें कि, बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 7 नवंबर को तीसरे व अंतिम चरण के लिए मतदान किया जाएगा।
चुनाव प्रचार के आखिरी दिन पूर्णिया जिले की धमदाहा विधानसभा सीट से एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे सीएम नीतीश कुमार ने कहा, ‘जान लीजिए, आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। परसो मतदान होगा। ये मेरा अंतिम चुनाव है। अंत भला तो सब भला। बताइये जिताइयेगा ना लेसी सिंह को?’
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के तीसरे और अंतिम चरण के लिए शनिवार को मतदान होगा। इसके लिए आज शाम प्रचार अभियान थम गया। बता दें कि, नीतीश कुमार 2005 से ही बिहार के मुख्यमंत्री हैं। मुख्यमंत्री बनने से पहले वे अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में रेल मंत्री रहे।
This is my last election, says Bihar CM and JD(U) Chief Nitish Kumar during an election rally in Purnia#BiharElections2020 pic.twitter.com/vLSL4uQd4v
— ANI (@ANI) November 5, 2020
इससे पहले किशनगंज की रैली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि किसी में इतना दम नहीं है कि वो हमारे लोगों को देश से बाहर कर दे। इसी दिन योगी आदित्यनाथ ने एक चुनावी सभा में बांग्लादेशी घुसपैठियों को देश से बाहर फेंकने की बात कही थी।