मुंबई-बेंगलुरु इंडिगो विमान में 20 वर्षीय महिला चालक दल की सदस्य के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के बाद आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किया गया यात्री शराब के नशे में धुत था। इस घटना के चलते उड़ान में देरी भी हुई और फ्लाइट अपने तय समय से आधे घंटे देर से रवाना हुई।
टाइम्स ऑफ इंडिया.कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, बेंगलुरु के व्यापारी राजू गंगप्पा पर आरोप लगा है कि मंगलवार (16 अक्टूबर) को विमान में प्रवेश करते समय उसने महिला क्रू मेंबर को पीछे से छू लिया और अश्लील टिप्पणी की। इस घटना के चलते उड़ान में देरी भी हुई और लगभग 9.30 बजे करीब तय उड़ान आधे घंटे देर से रवाना हो सकी।
राजू गंगप्पा जो प्रकाशन के कारोबार में हैं। वह मुंबई की आधिकारिक यात्रा पर था और घटना के वक्त बेंगलुरु वापस जा रहा था। यह घटना तब हुई जब चालक दल के सदस्य फ्लाइट नंबर 6ई-825 में यात्रियों को रिसीव कर रहे थे। घटना के तुरंत बाद, महिला ने पायलट और फ्लाइट सुपरिटेंडेंट को इस बारे में बताया।
अपनी शिकायत में उसने कहा, ‘यात्री ने मेरी पीठ छू लिया और जब मैंने इसका विरोध किया तो उसने मुझसे मौखिक रूप से दुर्व्यवहार किया। मैंने इस घटना को अपने सीनियर को बताया, जिसके बाद उसे सामान के साथ बाहर कर दिया गया।’
ऑन-बोर्ड अधिकारियों ने इंडिगो फ्लाइट-इंचार्ज को घटना की जानकारी दी, जिन्होंने सीआईएसएफ को सूचित किया। जिसके बाद सीआईएसएफ ने कार्रवाई करते हुए गंगाप्पा को हिरासत में ले लिया गया।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, सीआईएसएफ के अधिकारियों ने महिला और आरोपी को एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन ले गए जहां मंगलवार रात करीब 11 बजे एक प्राथमिकी दर्ज की गई। उड़ान में देरी भी हुई क्योंकि एयरलाइन को बैकअप चालक दल की व्यवस्था करनी पड़ी।
एयरपोर्ट पुलिस के सीनियर इंस्पेक्टर अल्का मंडे ने टीओआई को पुष्टि की कि उन्होंने चालक दल के सदस्य के साथ गलत व्यवहार करने के लिए यात्री को गिरफ्तार किया। हालांकि, उसने किसी और विवरण का खुलासा करने से इनकार कर दिया।
गंगप्पा के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 (एक महिला को अपमानित करने व दुर्व्यवहार) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे बुधवार को अंधेरी अदालत के सामने पेश किया गया और गुरुवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।