भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के संसदीय क्षेत्र उत्तर प्रदेश के अमेठी में हत्याकांड की एक बड़ी वारदात सामने आई है। संग्रामपुर थानाक्षेत्र के ठेंगहा शुकुलपुर गांव में सेना के एक जवान के पिता की कथित जमीन विवाद के चलते हत्या कर दी गई जबकि उनकी गर्भवती भाभी के साथ भी मार-पीट की गई।
पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने बुधवार को बताया कि जमीन विवाद के चलते राजेन्द्र मिश्र (55) की मंगलवार शाम को धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बुजुर्ग के पुत्र एवं सेना के जवान सूर्य प्रकाश मिश्र ने बताया कि गांव के अशोक शुक्ला एवं अन्य से उनका जमीन विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि इन लोगों ने घर में घुसकर पिता की हत्या कर दी और गर्भवती भाभी को पीट पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूर्य प्रकाश मिश्र जम्मू कश्मीर के पुंछ में तैनात हैं।
अमेठी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सक डा. आलोक तिवारी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही राजेंद्र मिश्र की मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि राजेंद्र मिश्र अपने घर की तराई कर रहे थे, उसी बीच कुछ कहासुनी होने पर अशोक शुक्ला और अन्य लोगों ने उन पर हमला कर उनकी हत्या कर दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम लगाई गई है और आरोपी जल्द पकड़ लिए जाएंगे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां राजेंद्र मिश्रा को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल, पुलिस ने भी इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएंगी। (इंपुट: भाषा के साथ)