“BJP की कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाउंगा”: अखिलेश यादव के बयान पर भाजपा ने किया पलटवार, बताया वैज्ञानिकों और डॉक्टरों का अपमान

0

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार (2 जनकरी) को कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कोरोना टीका नहीं लगवायेंगे और उनकी सरकार आने पर सभी को मुफ्त टीका लगेगा। उनके इस बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे देश के वैज्ञानिकों और डॉक्टरों का अपमान बताया है।

फाइल फोटो

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार (2 जनकरी) को पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘मैं तो नहीं लगवाऊंगा अभी टीका, मैंने अपनी बात कह दी। वह भी भाजपा लगाएगी, उसका भरोसा करूं मैं। अरे जाओ भई, अपनी सरकार आयेगी तो सबको फ्री वैक्सीन लगेगी। हम भाजपा का वैक्सीन नहीं लगवा सकते।’’ COVID-19 वैक्सीन को लेकर विवादित बयान देने वाले समाजवादी पार्टी के प्रमुख का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

इस पर पलटवार करते हुए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और भाजपा नेता केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव को टीका पर भरोसा नहीं है और यह देश के डॉक्टरों और वैज्ञानिकों का अपमान है। उन्होंने कहा, ‘‘अखिलेश यादव जी को टीका पर भरोसा नहीं है और उत्तर प्रदेश वासियों को उनपर (अखिलेश यादव) पर भरोसा नहीं है। उनका टीके पर सवाल उठाना, हमारे देश के चिकित्सकों एवं वैज्ञानिकों का अपमान है जिसके लिए उन्हें माफ़ी माननी चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि जो मुख्यमंत्री के पद पर रहा हो उसे इस प्रकार का बयान देने से पहले गंभीरता से विचार करना चाहिए।

अखिलेश यादव के कोरोना टीकाकरण न करवाने के बयान पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि उनका बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। ठाकुर ने कहा कि अखिलेश का यह कहना कि वह कोरोना का टीका नहीं लगवाएंगे क्योंकि यह भाजपा का टीका है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। आगे उन्होंने कहा कि एक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह बयान दिखाता है कि वह राजनीति से ऊपर सोच ही नहीं सकते।

गौरतलब है कि, शनिवार को केंद्र की ओर से भी कोरोना वैक्‍सीन के टीकाकरण पर अहम ऐलान किया गया था। दिल्‍ली में कोरोना वैक्सीनेशन के ड्राई रन का जायजा लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि सिर्फ दिल्ली ही नहीं, पूरे देश में कोरोना की वैक्सीन मुफ्त में लगाई जाएगी। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleBCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली को आया हार्ट अटैक, कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती; क्रिकेट जगत ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना
Next articleRohit Sharma, Rishabh Pant, Shubman Gill, Prithvi Shaw and Navdeep Saini placed in isolation as Cricket Australia, BCCI launch investigation