दिल्ली की चांदनी चौकी विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (आप) की पूर्व विधायक अलका लांबा ने बुधवार को पंजाब से AAP की विधायक रूपिंदर कौर रूबी के कांग्रेस में शामिल होने के बाद अपनी पूर्व पार्टी पर निशाना साधा। कुछ साल पहले AAP छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुईं अलका लांबा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की पार्टी में महिलाओं का सम्मान नहीं है।
अलका लांबा ने अपने ट्वीट में लिखा, “मेरे बाद रूबी दूसरी #महिला विधायक है जिसने AAP पार्टी छोड़ कॉंग्रेस का दामन पकड़ा है- आम आदमी पार्टी में महिलाओं का सम्मान नहीं, जो AAP में हैं वो भी देखते हैं कब तक अपने सम्मान से समझौता करती हैं। महिला विरोधी केजरीवाल।”
मेरे बाद रूबी दूसरी #महिला विधायक है जिसने #AAP पार्टी छोड़ कॉंग्रेस का दामन पकड़ा है – @AamAadmiParty में महिलाओं का सम्मान नहीं, जो #AAP में हैं वो भी देखते हैं कब तक अपने सम्मान से समझौता करती हैं.
महिला विरोधी केजरीवाल. @INCPunjab @INCDelhi https://t.co/WyglKHbxDl— Alka Lamba (@LambaAlka) November 10, 2021
भटिंडा ग्रामीण सीट से AAP उम्मीदवार के रूप में पिछला विधानसभा चुनाव जीतने वाली रूबी ने मंगलवार को केजरीवाल की पार्टी छोड़ दी। बुधवार को वह मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की मौजूदगी में आधिकारिक रूप से कांग्रेस में शामिल हो गईं।
[Please join our Telegram group to stay up to date about news items published by Janta Ka Reporter]
रूबी ने मंगलवार को ट्विटर पर AAP से अलग होने की घोषणा करते हुए लिखा था, “श्री अरविंद केजरीवाल जी संयोजक, आप और भगवंत मान जी, एतद्द्वारा आपको सूचित किया जाता है कि मैं आम आदमी पार्टी की सदस्यता से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे रही हूं। कृपया, मेरा इस्तीफा स्वीकार करें।”
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रूबी ने कांग्रेस में शामिल होने के बाद कहा, “कांग्रेस असली आम आदमी (असली आम आदमी की) पार्टी है और इसका नेतृत्व एक महिला नेता करती है।”
पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी में विद्रोह शुरू हो गया है। बता दें कि, पंजाब में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं।